ग्रेटर नोएडा में एक निजी चार्जर कंपनी में मशीन पर काम करते समय ऑपरेटर की चार उंगलियां मशीन में फंसकर हुई क्षतिग्रस्त, कर्मचारियों ने लगाया सेंसर खराब होने का आरोप

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपघ्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र स्थित एक निजी चार्जर निर्माण कंपनी में कार्यरत ऑपरेटर कार्य के दौरान गंभीर हादसे का शिकार हो गया। मशीन में हाथ फंसने से कर्मचारी की चार उंगलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पीड़ित परिवार ने कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, लतीफपुर गांव निवासी ललित यमुना सिटी स्थित एक निजी कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। 24 मई को वह मशीन पर काम कर रहे थे, तभी अचानक उनका हाथ मशीन के अंदर चला गया। हादसे के दौरान मशीन में हाथ फंसने से उनकी चार उंगलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सहकर्मियों ने तुरंत मशीन बंद कर उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
कंपनी के कर्मचारियों का आरोप है कि मशीनों में लगे सुरक्षा सेंसर लंबे समय से खराब थे। कर्मचारियों के मुताबिक, सेंसर का उद्देश्य ऑपरेटर का हाथ अधिक अंदर जाने पर मशीन को स्वतः बंद करना होता है, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कंपनी प्रबंधन ने सुरक्षा उपकरणों की मरम्मत नहीं कराई।
पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस से किए जाने की बात कही है। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। वहीं, दनकौर पुलिस स्टेशन का कहना है कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *