जिलाधिकारी की अध्यक्षता मे हुई मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत शांति एवं कानून व्यवस्था की बैठक*
*मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगीः-अशोक कुमार मीणा*
*ब्यूरो रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
*हरदोई* गुरुवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में आगामी मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बैठक सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मोहर्रम के अवसर पर सभी आयोजन परंपरागत एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए साथ ही विद्युत विभाग को ढीले तारों एवं अन्य संभावित खतरों को समय से दूर करने के लिए कहा गया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। बैठक में उपस्थित ताजियादारों एवं धर्मगुरुओं ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा पर्व को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता एवं आपसी सद्भाव का भी संदेश देता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करें ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित
रहे।

