जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य शासी निकाय की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।
जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा के दौरान जनपद में 60 प्रतिशत प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिन विकास खण्ड में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, उसको बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुंगराबादशाहपुर, सुइथाकला, सुजानगंज, धर्मापुर, सिकरारा में कम प्रगति पर संबंधित एमओआईसी के वेतन रोकने के निर्देश, तथा जहां भी 100 से भी कम आयुष्मान कार्ड गत 10 दिनों में बनाए गए है, संबंधित को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
उन्होंने निर्देशित किया कि बायो मेडिकल वेस्ट का समुचित ढंग से निस्तारण किया जाए। सभी सीएचसी पीएचसी में मूलभूत सुविधाएं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी द्वारा सीएचसी महराजगंज में ओपीडी की संख्या कम पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने कहा कि जर्जर भवनों में चिकित्सकीय व्यवस्थाएं कदापि संचालित न की जाए। उन्होंने नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि ग्राम सचिवालयों में भी ये यूनिट अवश्य लगाए जाए तथा दो दिन पूर्व इसके संदर्भ में अनाउंसमेंट भी किया जाए।
साथ ही आईजीआरएस के निस्तारण के पश्चात ही रिपोर्ट लगाया जाए। उन्होंने प्रतिदिन होने वाले सीटी स्कैन के संदर्भ में भी जानकारी ली इसके साथ ही सघन टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत स्क्रीनिंग एवं पंजीकरण के आंकड़े, नि:क्षय मित्र एवं पोषण पोटली, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता आदि के संदर्भ में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एमओआईसी सोंधी सहित अन्य को एच0बी0एन0सी0 कार्यक्रम में खराब प्रगति पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि आशा बहनों का समय पर भुगतान कर दिया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 प्रभात, एसीएमओ,समस्त एमओआईसी सहित अन्य अधिकारीगण कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

