जौनपुर में भारत स्काउट एवं गाइड की प्रधानाचार्यों की कार्यशाला आयोजित, प्रशिक्षण को लेकर दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश

जौनपुर में भारत स्काउट एवं गाइड की प्रधानाचार्यों की कार्यशाला आयोजित, प्रशिक्षण को लेकर दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश

जौनपुर। टीडी इंटर कॉलेज के मार्कंडेय सभागार में बुधवार को भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश की जिला संस्था, जौनपुर द्वारा प्रधानाचार्यों की बैठक एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, स्काउट-गाइड पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और काउंसलरों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार यादव ने कहा कि वर्तमान समय में स्काउट एवं गाइड का प्रशिक्षण विद्यार्थियों के नैतिक, शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, चारित्रिक और आध्यात्मिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करना तथा उन्हें जनपद से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।
उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विद्यालयों में स्काउट एवं गाइड इकाइयों का पंजीकरण, नवीनीकरण एवं प्रशिक्षण प्रत्येक वर्ष नियमानुसार कराया जाए। साथ ही नवंबर 2025 में आयोजित नेशनल जंबूरी में जौनपुर की प्रदेश में सर्वाधिक भागीदारी रहने पर जिले के सभी स्काउट-गाइड पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं काउंसलरों को बधाई भी दी।
कार्यशाला के समापन अवसर पर टीडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं जिला आयुक्त (स्काउट) डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए स्काउट एवं गाइड कार्यालय के संचालन के लिए अपनी पुरानी बिल्डिंग के दो कक्ष उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने इसे जिला संस्था की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण आवश्यकता की पूर्ति बताया।
कार्यक्रम में सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक विवेक कुमार सिंह, जिला आयुक्त (गाइड) डॉ. चंद्रकला सिंह, सहायक प्रदेश संगठन आयुक्त (वाराणसी मंडल) जय प्रकाश दक्ष, जिला सचिव डॉ. आलोक सिंह, मुख्यालय आयुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, सह जिला आयुक्त डॉ. रामदत्त सिंह, डॉ. राकेश कुमार यादव, डॉ. आशीष सिंह, डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह, डॉ. राकेश कुमार सिंह, डॉ. रणजीत सिंह सहित जनपद के अधिकांश माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, स्काउटर, गाइडर, काउंसलर एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *