डीएम की अध्यक्षता में रुदौली तहसील में समाधान दिवस संपन्न

डीएम की अध्यक्षता में रुदौली तहसील में समाधान दिवस संपन्न

अयोध्या।जिले की रुदौली तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस डीएम शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।इस मौके पर भारी संख्या में अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर फरियादी उपस्थित हुए।इस मौके पर रुदौली विधायक रामचंदर यादव भी मौजूद रहे।समाधान दिवस मे कई समस्याओं का निस्तारण डीएम ने मौके पर कर दिया और शेष की निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे, एक लेखपाल के रिटायर होने के बाद भी सरकारी आवास न खाली करना व नियमित रूप से तहसील आना व कार्य करना, नगर पालिका क्षेत्र में अवैध कूड़ा डंपिंग, जाम नालियों, जलभराव और चारों ओर फैली गंदगी से जुड़ी रहीं।इसके अलावा नवगठित मां कामाख्या धाम नगर पंचायत में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में कथित लापरवाही, अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप भी प्रमुखता से उठाए गए। फरियादियों का कहना था कि कई मामलों में संबंधित विभागों से बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।लोगों ने प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण करने की अपील की।समाधान दिवस में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत रही कि क्षेत्र में अनेक जनसमस्याएं अब भी लंबित हैं और लोग उनके समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से सीधे हस्तक्षेप की अपेक्षा कर रहे हैं।प्रशासन ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।इस मौके पर सीओ अरविन्द सोनकर सहित कई विभागों के अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *