ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नई दिल्ली, 4 जुलाई 2026 बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का 30वां जन्मोत्सव शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में भव्य रूप से मनाया गया। आयोजन को “ज्ञान, ध्यान और दान महोत्सव” का नाम दिया गया। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 20 हजार श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई। इसके बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सनातन संस्कृति, सेवा, शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने अपने अनुयायियों से जन्मदिन पर महंगे उपहार देने के बजाय जरूरतमंद बेटियों की शिक्षा और सेवा कार्यों में सहयोग करने की अपील की। इस वर्ष उनके जन्मोत्सव को “ज्ञान, ध्यान और दान दिवस” के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी की संगीतमय प्रस्तुति रही। उनके भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और पूरे सभागार में भक्ति का माहौल बना रहा।
आयोजन भारत मंडपम के एग्जीबिशन हॉल में आयोजित किया गया, जहां सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम में देशभर से आए संत, श्रद्धालु और बागेश्वर धाम के अनुयायी मौजूद रहे। सोशल मीडिया पर भी आयोजन की तस्वीरें और वीडियो पूरे दिन वायरल होती रहीं।
मुख्य अतिथि और वीआईपी मेहमानों की बात करें तो नई दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मनोज तिवारी समेत कई अन्य और मंत्रीगण तथा वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, कार्यक्रम मुख्य रूप से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के जन्मोत्सव और धार्मिक प्रवचन पर केंद्रित रहा।

