नवचयनित आचार्य प्रशिक्षण वर्ग में शिशु मंदिर योजना एवं पंचपदी अधिगम पद्धति पर हुआ मार्गदर्शन
हरदोई। जनपद हरदोई के अल्लीपुर स्थित पं. बाबूराम त्रिवेदी सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित नवचयनित आचार्य प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस पर विभिन्न विषयों पर शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय बालिका शिक्षा प्रमुख उमाशंकर मिश्र एवं क्षेत्रीय प्रशिक्षण प्रमुख दिनेश कुमार सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। अतिथियों का रोली एवं बैच लगाकर स्वागत किया गया। इसके उपरांत मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मैगलगंज के प्रधानाचार्य उत्तम मिश्रा ने किया। जन शिक्षा समिति लखनऊ संभाग के संभाग निरीक्षक ने मुख्य अतिथियों का परिचय कराया। सीतापुर संभाग निरीक्षक रणवीर सिंह ने उमाशंकर मिश्र को तथा श्रावस्ती संभाग के संभाग निरीक्षक कैलाश चंद्र वर्मा ने दिनेश कुमार सिंह को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
प्रथम सत्र में क्षेत्रीय बालिका शिक्षा प्रमुख उमाशंकर मिश्र ने शिशु मंदिर योजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय शिक्षा के आदर्श स्वरूप गुरुकुल परंपरा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचार तथा शिशु मंदिर आंदोलन की पृष्ठभूमि पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि 1952 में गुरु पूर्णिमा के दिन गोरखपुर में प्रथम सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना हुई थी। उन्होंने नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा, शिशु वाटिका, बालिका शिक्षा, वैदिक गणित, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विज्ञान मेलों की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।
द्वितीय एवं तृतीय सत्र में क्षेत्रीय प्रशिक्षण प्रमुख दिनेश कुमार सिंह ने पंचपदी अधिगम पद्धति पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने शिक्षण को आनंददायक बनाने पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विश्व कल्याण, राष्ट्र को परम वैभव की ओर ले जाना तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने पाठ योजना निर्माण की आवश्यकता, लक्ष्य निर्धारण तथा सरस्वती शिशु मंदिर की शिक्षण पद्धति की विशेषताओं पर विस्तार से चर्चा की। उनका सत्र अत्यंत रोचक एवं सहभागितापूर्ण रहा।
चतुर्थ सत्र समूह चर्चा के रूप में आयोजित किया गया, जबकि अंतिम सत्र शारीरिक प्रशिक्षण का रहा।
इस अवसर पर जन शिक्षा समिति अवध प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं विद्यालय के प्रबंधक शीर्षेन्दुशील त्रिवेदी, वर्गाधिकारी संतोष त्रिवेदी, प्रदेश निरीक्षक मिथिलेश अवस्थी, साकेत संभाग के मिथिलेश सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं आचार्य उपस्थित रहे।

