ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा: नोएडा सेक्टर-59 स्थित स्पार्क मिंडा कंपनी में शनिवार शाम अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि उससे उठता घना काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर विभाग की पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने या बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के कारण पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए दृश्यता भी प्रभावित हुई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि अन्य तकनीकी कारणों की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद पुलिस और फायर विभाग की टीमों ने मौके पर सुरक्षा घेरा बनाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही इसके वास्तविक कारणों और नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।
फिलहाल दमकल कर्मी आग पर पूर्ण नियंत्रण पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं, जबकि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

