पत्नी से विवाद के बाद पति ने फांसी लगाकर दे दी जान
घर से 300 मीटर दूर जामुन के पेड़ से लटका मिला शव
प्रयागराज। बहरिया थाना क्षेत्र के चकिया धमौर गांव में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति ने पत्नी से विवाद के बाद आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह तब हुई जब ग्रामीणों ने शव को पेड़ से लटका हुआ देख। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के लिए बहरिया थाना क्षेत्र के चकिया धमौर गांव निवासी 45 वर्षीय नंदलाल पटेल पुत्र स्वर्गीय राम आधार पटेल भिवंडी में रहते थे। वह बुधवार दोपहर करीब एक बजे भिवंंडी से अपने घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद नंदलाल का अपनी पत्नी गुड़िया देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देर रात वह घर से करीब 300 मीटर दूर नहर किनारे एक खेत में पहुंचे। खेत में उन्होंने अपनी शर्ट के सहारे जामुन के एक छोटे पेड़ की डाल से फंदा लगा लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर बहरिया पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और घरेलू विवाद के बाद हुई इस मौत को लेकर गांव में चर्चा शुरू हो गई।
मृतक नंदलाल पटेल के परिवार में उनकी पत्नी गुड़िया देवी और तीन बच्चे हैं, जिनमें रश्मि (17), आशीष (15) और रोशनी (12) शामिल हैं। घटना के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हा
ल है।

