परिवार न्यायालय प्रथम का अधिवक्ताओं ने किया अनिश्चितकालीन बहिष्कार, न्यायाधीश के स्थानांतरण तक कार्य न करने का ऐलान

परिवार न्यायालय प्रथम का अधिवक्ताओं ने किया अनिश्चितकालीन बहिष्कार, न्यायाधीश के स्थानांतरण तक कार्य न करने का ऐलान

जौनपुर। दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ, जौनपुर ने प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय प्रथम विमल प्रकाश आर्या के न्यायालय का अनिश्चितकालीन बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को आयोजित आपात बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए अधिवक्ताओं ने घोषणा की कि संबंधित न्यायिक अधिकारी के स्थानांतरण तक कोई भी अधिवक्ता उनके न्यायालय में न्यायिक कार्य नहीं करेगा।
शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक हुई बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए। बैठक के दौरान अधिवक्ताओं ने पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया, जिसकी सूचना न्यायालय प्रशासन को भी दी गई।
अधिवक्ता संघ का आरोप है कि प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय प्रथम द्वारा अधिवक्ताओं के साथ लगातार अपमानजनक और असम्मानजनक व्यवहार किया जा रहा है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में 16 जुलाई को जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जौनपुर, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय तथा इलाहाबाद उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति को प्रार्थना पत्र भेजकर न्यायिक अधिकारी के स्थानांतरण की मांग की गई थी।
संघ का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जब तक संबंधित न्यायिक अधिकारी का स्थानांतरण नहीं होता, तब तक उनके न्यायालय का बहिष्कार जारी रहेगा।
बैठक के अंत में सभी अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव का समर्थन करते हुए एकजुट रहने और बहिष्कार को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *