पीएम किसान योजना में कई किसानों की किस्त रुकी, जानकारी अपडेट कराने की अपील
जौनपुर, 23 अप्रैल। उप कृषि निदेशक जौनपुर डॉ. वी.बी. द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष 6000 रुपये की धनराशि तीन समान किस्तों में सीधे उनके आधार-आधारित बैंक खातों में भेजी जाती है।
उन्होंने जानकारी दी कि भारत सरकार द्वारा जनपद के कई कृषक परिवारों की सूचनाएं अपूर्ण पाए जाने के कारण उनकी किस्तों के भुगतान पर रोक लगा दी गई है। जांच में सामने आया है कि कई मामलों में किसानों ने विरासत से प्राप्त कृषि भूमि के पूर्व भू-स्वामी का सही विवरण पंजीकरण के समय दर्ज नहीं कराया। वहीं कुछ मामलों में एक ही भूमि पर पूर्व एवं वर्तमान भू-स्वामी दोनों योजना का लाभ ले रहे हैं।
इसके अलावा, ऐसे किसान भी चिन्हित किए गए हैं जिन्होंने 1 फरवरी 2019 के बाद विरासत के अतिरिक्त अन्य स्रोतों से भूमि प्राप्त की है, जिससे उनकी पात्रता प्रभावित हुई है।
उप कृषि निदेशक ने प्रभावित किसानों से अपील की है कि जिनकी किस्तें वर्तमान में नहीं आ रही हैं, वे प्रधानमंत्री किसान पोर्टल www.pmkisan.gov.in� पर जाकर “Update Missing Information” विकल्प के माध्यम से अपनी जानकारी अपडेट करें। किसान स्वयं या नजदीकी जन सेवा केंद्र के जरिए आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पूर्व भू-स्वामी का मृत्यु प्रमाण पत्र एवं सत्यापित खतौनी अपलोड कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जानकारी पूर्ण होने के बाद ही रोकी गई किस्तों के भुगतान पर भारत सरकार द्वारा निर्णय लिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार या उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

