पीडीए आरक्षण घोटाला संविधान प्रदत्त अधिकारों की लूट, भाजपा सरकार जवाब दे: राकेश मौर्य

पीडीए आरक्षण घोटाला संविधान प्रदत्त अधिकारों की लूट, भाजपा सरकार जवाब दे: राकेश मौर्य

 

जौनपुर,02 जून। यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी द्वारा सोमवार को नगर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने भाजपा सरकार पर आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कथित “पीडीए आरक्षण घोटाला” पिछड़े, दलित और आदिवासी समाज के संविधान प्रदत्त अधिकारों की सरकारी लूट है।

राकेश मौर्य ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिया गया संविधान देश की नींव है और आरक्षण सामाजिक समता एवं समान अवसर का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विभिन्न भर्तियों में आरक्षित वर्गों के अधिकारों का हनन कर रही है।

उन्होंने दावा किया कि 22 भर्ती परीक्षाओं में 11,514 से अधिक आरक्षित पदों पर अनियमितताएं हुई हैं। इनमें 69 हजार शिक्षक भर्ती, लेखपाल भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती, वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती सहित कई अन्य भर्तियां शामिल हैं। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने इन मामलों का प्रमाण सहित दस्तावेज तैयार किया है और इसे जनता के बीच लेकर जाएगी।

उन्होंने कहा कि आरक्षण में कथित गड़बड़ियां इस बात का प्रमाण हैं कि संविधान और आरक्षण दोनों खतरे में हैं। समाजवादी पार्टी पीडीए समाज के युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के बीच इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी।

प्रेस वार्ता में राकेश मौर्य ने पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि, विद्युत कटौती, कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा कथित फर्जी एनकाउंटर जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी 5 जून को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगी।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई, विधायक लकी यादव, विधायक पंकज पटेल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित

रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *