पुलिस मुठभेड़, एक बदमाश घायल गिरफ्तार
फायरिंग के बाद धराया आरोपी, तमंचा-कारतूस बरामद एक फरार
जौनपुर, 06 मई। यूपी के जौनपुर में जलालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार होने में सफल रहा।
इस मामले में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी केराकत अजीत कुमार सिंह ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष के निर्देशन में थानाध्यक्ष जलालपुर के नेतृत्व में टीम डिंगुरपुर नहर रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भाऊपुर की ओर से बाइक सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिससे एक बदमाश घायल हो गया। भागने के प्रयास में बाइक सवार संतुलन खो बैठे और पीछे बैठा बदमाश गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया, जबकि चालक फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित यादव निवासी बहाउद्दीनपुर थाना सरायख्वाजा के रूप में हुई है। उसके पास से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। फरार आरोपी की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। इस मामले में थाना जलालपुर मे धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

