पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ‘यूपी प्रमाण’ पोर्टल लॉन्च, प्रशासनिक प्रक्रियाएं हुईं ऑनलाइन

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ‘यूपी प्रमाण’ पोर्टल लॉन्च, प्रशासनिक प्रक्रियाएं हुईं ऑनलाइन

जौनपुर,02 अप्रैल । यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में प्रशासनिक कार्यों को पारदर्शी और सरल बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए ‘यूपी प्रमाण’ पोर्टल की शुरुआत कर दी गई है। इस पोर्टल के माध्यम से विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध सभी अनुदानित व स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों की प्रशासनिक प्रक्रियाएं अब पूरी तरह ऑनलाइन संचालित होंगी।
नई व्यवस्था के तहत शिक्षक अनुमोदन, नियुक्तियां, स्थायी एवं अस्थायी मान्यता, पाठ्यक्रम स्वीकृति, संबद्धता, निरीक्षण रिपोर्ट और मान्यता नवीनीकरण से संबंधित सभी फाइलें पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी। प्रत्येक आवेदन को एक यूनिक ट्रैकिंग कोड प्रदान किया जाएगा, जिससे महाविद्यालय अपने आवेदन की स्थिति रियल टाइम में देख सकेंगे।
पोर्टल पर यह भी स्पष्ट रूप से दिखाई देगा कि संबंधित फाइल किस अधिकारी के पास लंबित है, किस स्तर पर विचाराधीन है और उसके निस्तारण की समय-सीमा क्या है। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि कार्यों में जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुलपति और कुलसचिव स्तर पर एक विशेष मॉनिटरिंग डैशबोर्ड भी तैयार किया है। इस डैशबोर्ड के जरिए लंबित मामलों की संख्या, औसत निस्तारण समय और विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की निगरानी की जाएगी। इससे देरी की स्थिति में जिम्मेदारी तय करना आसान होगा।
महाविद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी सभी आवश्यक सूचनाएं, दस्तावेज और प्रस्ताव निर्धारित प्रारूप में पोर्टल पर अपलोड करें। निरीक्षण रिपोर्ट अपलोड होते ही उसकी प्रति संबंधित कॉलेज को स्वतः उपलब्ध हो जाएगी।
पहले चरण में शिक्षक अनुमोदन और नियुक्तियों को पोर्टल से जोड़ा गया है। आगामी चरणों में पाठ्यक्रम विस्तार, परीक्षा केंद्र निर्धारण और अन्य प्रशासनिक कार्यों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इस संबंध में गुरुवार को हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से दूरभाष पर बात करते हुए
कुलसचिव केशलाल ने बताया कि पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जौनपुर और गाजीपुर के सभी संबद्ध महाविद्यालयों को परिपत्र जारी कर दिया गया है। अब सभी संस्थानों को अपने प्रस्ताव और अभिलेख ऑनलाइन माध्यम से ही प्रस्तुत करने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *