बकरीद पर्व को लेकर सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न
(डाक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।डीएम शशांक त्रिपाठी एवं एसएसपी डॉ0 गौरव ग्रोवर की अध्यक्षता में आगामी बकरीद पर्व के दृष्टिगत सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।बैठक में जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, विभिन्न समुदायों के सम्मानित नागरिकों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की।बैठक में डीएम ने कहा कि बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति का प्रतीक है।उन्होंने सभी से प्रशासन का सहयोग करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित कर ली जाए।
एसएसपी डॉ0 गौरव ग्रोवर ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सोशल मीडिया पर भी सतत मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को जानकारी देने की अपील की।बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार संपन्न कराने की बात कही।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी,नगर मजिस्ट्रेट,उप जिलाधिकारीगण,सीओ,नगर निकायों के अधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

