बारिश से पूरे शहर का हाल बेहाल
पॉश इलाकों में 4 फीट तक पानी, थानों और नगर निगम परिसर में भी जलभराव
प्रयागराज। पिछले दो दिनों से प्रयागराज में लगातार बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। सुबह से हो रही बारिश के चलते स्कूलों में छुट्टी करनी पड़ी। बाजारों में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। बारिश ने स्मार्ट सिटी प्रयागराज की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। शहर के पॉश इलाकों में घुटनों तक पानी भरा है। पुलिस और प्रशासनिक कार्यालयों से लेकर थानों तक के गेट पानी में डूबे हैं।
शहर को स्मार्ट बनाने का दावा करने वाले नगर निगम के गेट के अंदर भी घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया है। सिविल लाइंस से लेकर पुराने शहर तक कई इलाकों में जलभराव है। शहर के कुछ इलाकों में 24 घंटे से घरों के निचले हिस्सों में पानी भरा हुआ है। हालात ऐसे हैं कि सैकड़ों परिवारों को घर की ऊपरी मंजिल पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
शहर के दारागंज, टैगोर टाउन, अलोपीबाग, करेली, सिविल लाइंस, जार्जटाउन, कटरा, निरंजन डॉटपुल, लीडर रोड, राजरूपपुर, चौक समेत कई मोहल्लों में घरों में पानी भर जाने से परेशानी बढ़ गई है। करेली के कुछ क्षेत्रों में एनडीआरएफ की टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए लगाया गया है।
प्रयागराज में आज (मंगलवार) को भी सुबह से रुक-रुक बारिश हो रही है। तेज बारिश होने से हालात बिगड़ गए हैं। शहर की अधिकतर क्षेत्रों की कॉलोनियों और गलियों में 4 फीट तक पानी भर गया है। कारें और बाइकें डूब गई हैं। मकानों के ग्राउंड फ्लोर आधे डूब चुके हैं। लोग पहली मंजिल पर रहने को मजबूर हैं। गलियों में नावें चल रही हैं। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है।
जलभराव से लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। नगर निगम और सफाई एजेंसियों की इस बारिश में क्या तैयारी की थी, इसकी कलई तो खुल ही गई, सड़कों पर जगह-जगह जलभराव के कारण राहगीरों का गुजरना भी दूभर हो गया। कई पॉश इलाकों में तो सीवर के पानी के बैकफ्लो के कारण घरों में पानी घुस गया है। लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ भी लगानी पड़ी। बारिश के दौरान तेज हवा के कारण सरस्वती घाट के एक गुंबद पर सीमेंट की छतरी ही उड़ गई। शहर में जगह-जगह जलभराव के वीडियो सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। पुराने शहर की जलभराव की स्थिति पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर तंज कसा है। मंगलवार को 12वीं तक के स्कूल भी बंद रहे।
रविवार रात के बाद सोमवार की रात भी झमाझम बारिश हुई। मंगलवार सुबह लोगों की आंख खुली तो सड़कों पर पानी ही पानी था। अल्लापुर, टैगोर टाउन, जार्जटाउन आदि इलाकों में स्थिति ऐसी हो गई कि लोग घुटनों तक पानी के भीतर से आ-जा रहे थे।
अल्लापुर के तिलक नगर, बाघम्बरी हाउसिंग स्कीम, डंडिया, शिवनगर आदि क्षेत्रों में हुए जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। क्षेत्रीय नागरिकों को नगर आयुक्त सीलम साई तेजा व मुख्य अभियंता दिनेश सचान व महाप्रबंधक संजीव कुमार से मोरी गेट पंपिंग सेट पर मुलाकात की। लोगों ने जलनिकासी का उचित प्रबंध करने के लिए मांग उठाई।
फोटो
बारिश के पानी में डूबा रामबाग रेलवे स्टेशन
प्लेटफॉर्मों की पटरियां जलमग्न, झूंसी से चलेंगी ये चार पैसेंजर ट्रेनें
रामबाग स्टेशन की रेलवे कॉलोनी के घरों में घुसा पानी,
प्रयागराज। मानसून की जोरदार बारिश के कारण हर साल की तरह इस बार भी रामबाग रेलवे स्टेशन झील की शक्ल में तब्दील हो गया है, रेलवे यार्ड पूरी तरह डूब गया। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक, दो, तीन और चार की पटरियों पर कई फीट पानी भर जाने के कारण ट्रेनों का संचालन ठप हो गया है। हालात इतने बदतर हैं कि रामबाग से चलने वाली चारों पैसेंजर ट्रेनों को रामबाग से रद्द कर अब झूंसी स्टेशन से चलाने का फैसला लेना पड़ा है।
रामबाग स्टेशन पर पानी भरने के चलते यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है।
जलभराव के कारण 65132 मऊ पैसेंजर, 65114 बनारस पैसेंजर, 55132 बलिया पैसेंजर और 65112 बनारस पैसेंजर झूंसी से चलाई जा रही है।
वर्तमान में केवल विभूति एक्सप्रेस का संचालन प्लेटफॉर्म नंबर पांच से किया जाएगा, क्योंकि सिर्फ यही एक प्लेटफॉर्म पानी के भराव से बचा हुआ है। रेलवे ने पांच नंबर की लाइन को खाली कराकर सामान की लोडिंग-अनलोडिंग और रैंप के जरिए आवागमन की व्यवस्था यहीं शिफ्ट कर दी है। बाकी पूरा यार्ड और चारों प्लेटफॉर्म पानी में समाए हुए हैं।
कॉलोनी में 4-5 फीट पानी, जहरीले सांपों का खौफ
रेलवे कॉलोनी की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। क्वार्टरों में 4 से 5 फीट तक गंदा पानी घुस गया है। पानी के साथ घरों में जहरीले सांप निकलने से रेलकर्मियों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। जान बचाने के लिए रेलवे प्रशासन ने कोई रेस्क्यू नहीं चलाया तो कालोनी के लोगों ने खुद अपनी मदद और एक दूसरे का सहारा बने। कर्मचारियों और उनके परिवारों को बाहर निकाला और सुरक्षित इमारतों में शिफ्ट कराया। फिलहाल कर्मचारी अपना आशियाना छोड़ने को मजबूर हैं।
यह कोई पहली बार नहीं है जब रामबाग स्टेशन का यह हाल हुआ हो। हर साल बारिश आते ही करोड़ों का राजस्व देने वाला यह स्टेशन पानी में डूब जाता है, पटरियां गायब हो जाती हैं और ट्रेनों के पहिए थम जाते हैं। हर साल भारी-भरकम बजट और ड्रेनेज सुधार के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन थोड़ी सी बारिश रेलवे के दावों की हवा निकाल देती है। सवाल उठता है कि जब हर साल यही तबाही मचती है, तो समय रहते जल निकासी का स्थायी समाधान क्यों नहीं निकाला जाता? रेलवे की इसी घोर लापरवाही का खामियाजा आज आम यात्रियों और अपने ही कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है।
फोटो
जलभराव से पार्षदों में जबरदस्त आक्रोश
नगर आयुक्त कार्यालय में धरना
प्रयागराज। शहर में जलभराव की समस्या को लेकर मंगलवार को पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब आधा दर्जन पार्षदों ने नगर आयुक्त कार्यालय में धरना देकर नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए।
पार्षदों ने आरोप लगाया कि नालों की सफाई में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को पार्षद नारेबाजी करते हुए नगर आयुक्त कार्यालय में घुसे और धरने पर बैठ गए।
पार्षदों का कहना था कि बार-बार शिकायतों के बावजूद नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पार्षदों ने जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी कराने और नाला सफाई व्यवस्था की जांच की मांग की। धरने और नारेबाजी से नगर निगम परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। धरने में पार्षद आकाश सोनकर, विश्वास रावत, पंकज जयसवाल, शिव भारतीय, दीपक कुशवाहा, सुरेंद्र, भगवान दास, गुलाब पटेल मौजूद रहे।
फोटो
बक्शी रिवर फ्रंट रोड पर पानी में डूबी कार
चार लोग बाल-बाल बचे, जा रहे थे संगम
प्रयागराज। लगातार बारिश के बाद बक्शी बांध क्षेत्र में एसटीपी का पानी ओवरफ्लो होने से मंगलवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रतापगढ़ से संगम जा रहे चार लोगों की कार रिवर फ्रंट रोड सड़क पर भरे करीब दो फीट पानी में फंसकर डूब गई। हालांकि सभी लोग समय रहते कार से बाहर निकल आए, जिससे जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार सवार चारों लोग प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं और संगम जा रहे थे। वे रिवर फ्रंट रोड होते हुए नागवासुकी की तरफ बढ़ रहे थे। इसी दौरान बक्शी बांध के पास सड़क पर पानी भरा मिला। चालक ने कार निकालने का प्रयास किया, लेकिन पानी के बीच पहुंचते ही वाहन बंद हो गया।
पानी बढ़ने से आधी डूबी कार, फिर पूरी तरह समा गई कार बंद होने के बाद पानी का स्तर लगातार बढ़ने लगा। कुछ ही देर में वाहन आधा डूब गया। खतरा भांपते हुए कार में सवार सभी लोग बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। इसके बाद पानी और बढ़ा तथा कार पूरी तरह जलमग्न हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दारागंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन बुलाई गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 1:30 बजे वाहन को पानी से बाहर निकाला जा सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रातभर हुई बारिश के चलते एसटीपी का पानी लगातार ओवरफ्लो हो रहा था, जिससे सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई। इसी वजह से वाहन पानी में फंस गया।
जज के निजी सुरक्षा अधिकारी के बेटे पर हमला
लोहे की रॉड, लात-घूंसों से पीटा, 6 पर एफआईआर दर्ज
प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र में जज के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) के बेटे को लात-घूंसों और लाठी-डंडों से पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक खड़ी करने को लेकर मरहूम माफिया अतीक अहमद के करीबियों से उसका विवाद हो गया। इस दौरान आरोपियों ने पीएसओ के बेटे से गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसका मुंह दबा दिया और जबरन खींचकर घर के अंदर ले गए। वहां पर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से उसकी पिटाई की गई। युवक की चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। इसके बाद जज के पीएसओ ने थाने पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धूमनगंज थाना क्षेत्र के कसारी-मसारी निवासी हेड कांस्टेबल कमालुद्दीन जज के पीएसओ हैं। रविवार रात करीब 8:30 बजे उनका बेटा मोहम्मद इमरान फुटबॉल खेलकर घर लौटा था। वह घर के बाहर बाइक खड़ी कर रहा था। इसी दौरान गोलू उर्फ सलाम, तैय्यब और कलाम पुत्र महाजन, राशिद उर्फ नीलू, उसका भाई और मोहम्मद उमर वहां पहुंच गए।
सभी लोग इमरान को गाली देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसका मुंह दबा दिया और जबरन खींचकर अपने घर के अंदर ले गए। वहां लोहे की रॉड और लात-घूंसों से उसकी पिटाई की गई। इमरान की चीख-पुकार सुनकर उसके पिता, मां और बहन साजिया परवीन मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान लोहे की रॉड, लोहे की पट्टी और धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया। परिवार किसी तरह वहां से निकलकर पड़ोसी तौफिक के घर पहुंचा और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
इसके बाद गोलू उर्फ सलाम ने फोन कर 10-12 अन्य युवकों को बुला लिया। कुछ देर बाद ये लोग भी वहां पहुंच गए और पड़ोसी के घर में घुसकर परिवार के लोगों से मारपीट करने लगे। गोलू उर्फ सलाम ने साथ आए युवकों को परिवार को जान से मारने की धमकी दी। जाते समय भी हमलावरों ने धमकाया और खुद को अतीक अहमद के रिश्तेदार परिवार से जुड़ा बताया।
वहीं पर एक राहगीर ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से चले गए। इसके बाद कमालुद्दीन ने धूमनगंज पुलिस ने 6 नामजद समेत 12 लोगों को खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।
वंदे भारत पर अराजकतत्वों ने किया पथराव, छह शीशे टूटे
प्रयागराज। गोरखपुर से प्रयागराज आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस (22549) पर मंगलवार दोपहर शहर में प्रवेश के दौरान पथराव हुआ।
फाफामऊ रेलवे पुल पार करने के बाद गोविंदपुर अंडरपास के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई, तभी अचानक पथराव शुरू हो गया। हमले में ट्रेन के कई कोचों के छह शीशे टूट गए। तेज आवाज के साथ शीशे टूटने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। ट्रेन के ई 1 कोच में सफर कर रहे यात्री अरविंद राठौड़ ने बताया कि अचानक तेज धमाका हुआ और कोच का शीशा चकनाचूर हो गया। शीशे के टुकड़े उनकी ओर आने लगे। उनका कहना था कि पर्दा नहीं होता तो उन्हें चोट लग सकती थी।
सी-8 कोच में भी पथराव से शीशा टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रयाग स्टेशन पोस्ट पर तैनात आरपीएफ की टीम सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू की। आरपीएफ के मुताबिक घटना उत्तर मध्य रेलवे के ललित नगर कॉलोनी के पास हुई है। पथराव करने वालों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र की जांच की जा रही है। वहीं, दूसरी हो प्रयागराज आरपीएफ का करना है कि घटना फाफामऊ और प्रयाग स्टेशन के आसपास हुई है। वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इस ट्रेन को निशाना बनाया जा चुका है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फोटो
नागपंचमी पर पहलवानों ने कुश्ती में दिखाया दमखम
प्रयागराज। नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर सिटी होटल के पीछे धीरू यादव कुश्ती एकादमी में आज कुश्ती का आयोजन हुआ। जिसमें प्रयागराज जिले से कई पहलवानों ने अपने-अपने अंदाज में कुश्ती में जोर आजमाइश किया।
कुश्ती में जीतने वाले पहले नंबर पर विनय यादव ने अपने प्रतिद्वंद्वी को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। कुश्ती के आयोजक और कोच वीरू यादव ने बताया कि पिछले 15 सालों से लगातार यहां पर कुश्ती का आयोजन किया जाता है। साथ ही साथ यहां पर कुशल और मेहनती लोगों को कुश्ती भी सिखाई जाती है और हर वर्ष नाग पंचमी के अवसर पर कुश्ती का आयोजन किया जाता है। जिसमें प्रयागराज के तमाम जगहों से जैसे मेजा, मांडा, करछना, हंडिया, सोरांव के पहलवान यहां पर आकर अपनी कुश्ती का पराक्रम दिखाकर कुश्ती जीतने का प्रयास करते हैं। लेकिन इस बार पहले स्थान पर विनय यादव, दूसरे स्थान पर आदित्य मिश्रा, तीसरे स्थान पर वीर दुबे, सचिन यादव रहे। तमाम ऐसे पहलवानों ने यहां पर अपनी पहलवानी का पराक्रम दिखाया और सभी पहलवानों को विनर होने पर सभी को पुरस्कृत भी किया गया।
फोटो
तीन सितंबर को लखनऊ में उमड़ेगा व्यापारियों का सैलाब- संदीप बंसल
व्यापार को आईएएस जैसा सम्मान दिलाना संगठन का लक्ष्य, प्रयागराज मंडल की बैठक में पहुंचे सभी जनपदों के व्यापारी
प्रयागराज। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मंत्री एवं स्वदेशी व्यापारी वंश के राष्ट्रीय सह संयोजक संदीप बंसल ने प्रयागराज मंडल के अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन के 33वें स्थापना दिवस पर 3 सितंबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में व्यापारियों का सैलाब उमड़ेगा। स्वदेशी व्यापारी कुंभ के माध्यम से प्रदेश के सभी पचहत्तर जनपदों के व्यापारी, प्रतिनिधि और देश के बारह राज्यों के प्रतिनिधि इस कुंभ में उपस्थित रहेंगे।
संदीप बंसल ने कहा कि व्यापारी को आईएएस जैसा सम्मान दिलाना इधर जाते इस स्वदेशी व्यापारी कुंभ का प्रमुख संकल्प और उद्देश्य है।
आज प्रयागराज मंडल की बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष रिपन कंसल्ट, महिला प्रदेश अध्यक्ष अनीता जायसवाल, प्रदेश संगठन मंत्री जावेद बेग, युवा अध्यक्ष अश्विन वर्मा, मंडल प्रभारी विपिन गुप्ता, , जिलाध्यक्ष लालू मित्तल, नगर अध्यक्ष अनिमेष अग्रवाल, गंगापार अध्यक्ष राजेंद्र केसरवानी प्रदेश के सोशल मीडिया प्रभारी संजय निधि अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक में फतेहपुर से संजय गुप्ता, ब्रजेश सोनी, प्रतापगढ़ से अर्पित खंडेलवाल, उमा शंकर अग्रहरी, सोनभद्र से धीरेंद्र जायसवाल, चंदौली मुगलसराय से राकेश शर्मा, आशिष श्रीवास्तव, बाबू खान कौशांबी से राजेन्द्र बहादुर प्रयागराज से मुरारीलाल अग्रवाल, नटवर लाल भारती, महिला जिलाध्यक्ष रत्ना जायसवाल, महामंत्री रवि शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय अवस्थी, महिला महानगर अध्यक्ष अपूर्वा चन्द्रा सुधा मिश्रा, महानगर महामंत्री केसरी विजयपाल सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो
सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा की उठी मांग
स्वर्ण कला बोर्ड के गठन सहित विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रयागराज। स्वर्णकार समाज की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वर्णकार राजनीतिक भागीदारी मंच की प्रयागराज इकाई ने मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री शश योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा स्वर्णकार एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कौशल सोनी के निर्देश पर यह ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन में उत्तर प्रदेश में स्वर्ण कला बोर्ड के गठन, पात्र सर्राफा कारोबारियों को साहूकारी लाइसेंस उपलब्ध कराने, सुरक्षा की दृष्टि से शस्त्र लाइसेंस में प्राथमिकता देने तथा स्वर्णकार कारीगरों एवं सर्राफा कारोबारियों को स्वर्ण एवं रजत धातु उपलब्ध कराने की व्यवहारिक व्यवस्था किए जाने की मांग की गई।
मंच पदाधिकारियों ने कहा कि स्वर्णकार एवं सर्राफा कारोबारियों को लूट, चोरी, डकैती, हत्या और उचक्कागिरी जैसी गंभीर घटनाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के साथ पीड़ितों को आर्थिक सहायता, सुरक्षा एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
जिला महामंत्री एवं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार सोनी (राज सोनी) ने कहा कि समाज की विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय विधिक सलाहकार एवं उच्च न्यायालय की अधिवक्ता सुषमा सोनी, अमन सोनी, अमर सोनी, भानु प्रताप सेठ, विष्णु प्रसाद वर्मा, आनंद वर्मा, अरुण सोनी, रजनीश, अभिषेक एवं अविनाश समेत मंच के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो
राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत महिला आरोग्य समिति की हुई बैठक
प्रयागराज। भगवान आनंद बिहारी राधा कृष्ण मंदिर सब्जी मंडी शाहगंज प्रयागराज में महिला आरोग्य समिति की बैठक आशा कार्य क्षेत्र सब्जी मंडी के तत्वावधान में संपन्न हुई।
बैठक में टीकाकरण के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए एएनएम रंजना राय ने उपस्थित महिलाओं को बताया कि एच पी वी का टीका सभी किशोरियों को लगे जिसकी उम्र 14 वर्ष पूरा हो गई हो और 15 के बीच में हो। उनको एचपीवी का टीका जरूर लगाए और यह टीका प्राइवेट अस्पताल में 6000 रुपए का है और सरकारी अस्पताल में फ्री में लग रहा है। ज्यादा से ज्यादा लोग अपने बच्चियों को वैक्सीनेशन करवाये।
बैठक में कहा गया कि इस बरसात के मौसम में हो रही बीमारियों से बचने का उपाय भी सभी लोगों के लिए जरूरी है। इस संबंध में क्षेत्र की आंगनवाड़ी लक्ष्मी जी ने भी स्वास्थ्य के बारे में महिलाओं को सजग रहने की सलाह दी। उपस्थित महिला आरोग्य समिति की सदस्य सुधा त्रिपाठी, अनामिका चौरसिया, पिंकी चौरसिया, अनीता राठौर, यासमीन, शहनाज बेगम, जरीना, साजिया, पिंकी चौरसिया तरन्नुम आदि लोगों ने अपने-अपने विचार को रखा।
नई राष्ट्रीय टीम को भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
प्रयागराज। भाजपा संगठन की नई घोषित टीम को भाजपा प्रयागराज महानगर के कार्यकर्ताओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भाजपा प्रयागराज पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा संगठन में कार्यकर्ता अपने काम के बल पर किसी भी ऊँचे पद तक पहुंच सकता है इसका उदाहरण है ये नई घोषित राष्ट्रीय टीम। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक अनुभव जमीनी स्तर से जुड़ाव व ऊर्जा का बेहतर समन्वय भाजपा की राष्ट्रीय टीम में है। 2027 में पूरी ऊर्जा के साथ भाजपा कार्यकर्ता चुनावी कुरुक्षेत्र में उतरेंगे।
इस अवसर पर विक्रमजीत सिंह भदौरिया, रमेश पासी, आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, प्रमोद मोदी, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, दीप द्विवेदी, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, शुभम सिंह, निर्दोष सिंह गोलू, सुजीत कुशवाहा, आनंद दुबे आदि ने बधाई दी।
फोटो
सामाजिक समरसता का संदेश देकर बलिया रवाना हुई कलश यात्रा
प्रयागराज। संत रविदास के 650 वें जयंती वर्ष पर निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा मंगलवार को शहर पश्चिमी विधानसभा के खुल्दाबाद मंडल में निकाली गई। जहां शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, यात्रा के जिला संयोजक भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनकर ने स्थानीय लोगों के साथ यात्रा का स्वागत किया।
इस दौरान विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, आनंद सोनकर, पार्षद दुर्गेश नंदिनी ने पावन कलश को अपने सर पर रखकर संत रविदास के चित्र व रथ के साथ बस्ती में भ्रमण किया। बड़ी संख्या में एकत्र हुए लोगों जिनमें महिलाएं बच्चे बुजुर्ग युवा सहित समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल थे ने संत रविदास को नमन करते हुए उनके प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की।
इस दौरान सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि संत रविदास हम सबके हैं और उन्होंने समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। भाजपा ने इस यात्रा के जरिए उसी का संदेश देने का अभियान चलाया है। कलश यात्रा इसके बाद बलिया जनपद के लिए प्रस्थान कर गई। इस अवसर पर अपूर्वा चंद्रा, स्वारिका भरद्वाज, गौरव गुप्ता आदि बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
फोटो
गठबंधन का फैसला दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व करेंगे- प्रमोद तिवारी
प्रयागराज। राज्यसभा में विपक्ष के उप नेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि सूबे के आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और सपा गठबंधन का फैसला दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व पर निर्भर है।
बीते दो माह बाद मंगलवार को प्रयागराज लौटे तिवारी ने शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा अपने सम्मान में बोलते हुए कहा कि गत लोकसभा चुनाव में दोनों दलों के गठबंधन को व्यापक फायदा हुआ। यह विधानसभा में भी जारी रहेगा, किसे कितनी सीट मिलेगी यह फैसला दोनों हाई कमान तय करेंगे।
वंदे मातरम विवाद पर भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने इसे मनगढ़ंत और राजनीतिक साजिश करार दिया। कहा कि यह भाजपा द्वारा ध्यान भटकने की कोशिश है। 1896 से कांग्रेस अधिवेशनों के शुरुआती गीत के तौर पर शामिल वंदे मातरम ने आजादी का जज्बा जगाया। तिवारी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार का जाना तय है जिसने न केवल भारत की अर्थव्यवस्था को भीतर से खोखला किया बल्कि हमें महंगाई , बेरोजगारी और चौतरफा भ्रष्टाचार दिया।
समारोह की अध्यक्षता शहर अध्यक्ष फुज़ैल हाशमी ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक विजय प्रकाश, श्याम कृष्णा पांडेय, सुधाकर तिवारी, किशोर वार्ष्णेय, हरिकेश त्रिपाठी, मुकुंद तिवारी, संजय तिवारी, अनिल पांडेय, हसीब अहमद, बालेंदु मिश्रा, परवेज़ सिद्दीकी, मनोज पासी , राम मनोरथ सरोज, मानस शुक्ला, अफ़रोज़ अहमद सहित अनेक आदि मौजूद थे।
सैंतालीस साल बाद बसपा चारों सदनों में शून्य होगी
इकलौते विधायक का निधन; नवंबर में राज्यसभा सांसद का भी कार्यकाल खत्म
प्रयागराज। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के पूर्व जिला प्रभारी उच्च न्यायालय के अधिवक्ता आईपी रामबृज ने बताया कि बहुजन समाज पार्टी अपनी स्थापना के 37 साल बाद चारों सदनों में शून्य हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि यूपी विधानसभा में उसके इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का 05 अगस्त को निधन हो गया। यूपी विधान परिषद में राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस की तरह बसपा का भी कोई सदस्य नहीं बचा है, 2024 में पार्टी के एकमात्र विधान परिषद सदस्य एमएलसी भीमराव अंबेडकर का कार्यकाल पूरा होने के बाद बसपा उच्च सदन में वापसी नहीं कर सकी। लोकसभा चुनाव 2024 में पार्टी का खाता तक नहीं खुला।
अब राज्यसभा में एकमात्र सांसद रामजी गौतम हैं। 25 नवंबर, 2026 को उनका भी कार्यकाल खत्म हो रहा है। मतलब इसके बाद बसपा का चारों सदनों में कोई सदस्य नहीं बचेगा।
कांशीराम ने 14 अप्रैल, 1984 को बसपा की स्थापना की थी, 1984 के लोकसभा चुनाव में बसपा को चुनाव चिह्न नहीं मिला था। ऐसे में उसके प्रत्याशी निर्दलीय लड़े। कैराना से मायावती तीसरे नंबर पर रहकर 44 हजार से ज्यादा वोट पाई थीं। एक भी प्रत्याशी नहीं जीता था, 1987 में बसपा को हाथी चुनाव चिह्न आवंटित हुआ था, 1989 में पहली बार बसपा के 13 विधायक जीते। 2007 में पार्टी अपने चरम पर रही, जब 206 सीटों के साथ यूपी में अकेले सत्ता में पहुंची, 2022 का चुनाव बसपा के लिए सबसे बुरा साबित हुआ। सिर्फ एक विधायक ही जीत सका। अभी बसपा के देश भर में 2 विधायक हैं। बिहार में रामगढ़ सीट से जीते सतीश कुमार यादव और पंजाब में नवांशहर से डा. नछत्तर पाल विधायक हैं।
फोटो
डांडी, प्रयागराज में बनेगा भव्य मह

