बी.एल.एस. इंटर कॉलेज में “टेक्नोक्राफ्ट एक्सपो-2026” का आयोजन, बच्चों के मॉडलों ने मोहा मन

बी.एल.एस. इंटर कॉलेज में “टेक्नोक्राफ्ट एक्सपो-2026” का आयोजन, बच्चों के मॉडलों ने मोहा मन

एमएलसी मुकेश शर्मा ने किया उद्घाटन, “विकसित भारत” थीम पर बने प्रोजेक्ट रहे आकर्षण का केंद्र

लखनऊ। ठाकुरगंज क्षेत्र में स्थित बी.एल.एस. इंटर कॉलेज में शनिवार को “टेक्नोक्राफ्ट एक्सपो-2026” का आयोजन हुआ। विज्ञान, तकनीक और रचनात्मकता पर केंद्रित इस प्रदर्शनी में बच्चों ने अपनी मेहनत और कल्पनाशीलता से सबको प्रभावित किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एमएलसी मुकेश शर्मा ने विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय श्री गंगा प्रसाद साहू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में बच्चों ने ताजमहल, राम मंदिर, घंटाघर, लखनऊ जू,बड़ा इमामबाड़ा और केदारनाथ मंदिर के मॉडल बनाए, जो देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दर्शाते हैं।रोबोट, वाटर मैनेजमेंट, फ्लड कंट्रोल, सोलर एनर्जी, फ्यूचर स्कूल और स्मार्ट सिटी जैसे विषयों पर बने प्रोजेक्ट भी खास रहे। बच्चों द्वारा बनाया गया एक चलता- फिरता रोबोट सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहा, जो सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुँचा सकता है। इसे देखने के लिए अतिथियों और अभिभावकों की भीड़ लगी रही। मुख्य अतिथि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प का उल्लेख करते हुए बच्चों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने विकसित भारत की परिकल्पना पर आधारित मॉडलों तथा स्कूल पार्क और हरियाली से जुड़े प्रोजेक्ट की सराहना की। पार्षदों ने भी प्रोजेक्ट देखकर बच्चों को प्रोत्साहित किया। आयोजन के लिए पूरे विद्यालय को अलग-अलग थीम पर सजाया गया था। प्री-प्राइमरी के नन्हे बच्चों ने बेकार सामग्री से आकर्षक कलाकृतियाँ बनाईं। “अरेबियन नाइट्स” थीम पर हुए विशेष आयोजन ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मुख्य अतिथि के साथ पार्षद मनीष रस्तोगी, पार्षद अनुराग मिश्रा, भाजपा के वरिष्ठ नेता राम अवतार कन्नौजिया, संकेत मिश्रा, दया पांडे, सतीश शर्मा, सौरभ रस्तोगी और पीयूष तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की मेहनत की सराहना कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विद्यालय के मैनेजर संदीप साहू एवं डायरेक्टर प्रदीप साहू ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र, पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मंच का संचालन हिमांशु गर्ग ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रवि किशोर, रत्ना गुप्ता, रोमा जाफरी, उमा शर्मा, शुभम साहू सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावक और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *