बेटी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर मां को मार डाला: दर्शन कराने के बहाने ले गई, रास्ते में गला रेता
मेरठ। मेरठ में सौतेली मां की हत्या के मामले में पुलिस ने बेटी और उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है। आरोपी बेटी ने बताया कि मां उसके अफेयर का विरोध करती थी। दोनों की शादी के लिए तैयार नहीं थी। इसलिए उसने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर मर्डर की प्लानिंग बनाई। 17 अगस्त को दोनों मंदिर में दर्शन कराने के बहाने मां को साथ ले गए। रास्ते में चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव 100 किमी दूर मंगलौर में झाड़ियों में फेंक दिया। 18 अगस्त को पुलिस को नहर के किनारे शव मिला।
पहचान होने के बाद तीन टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं। करीब 200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बेटी ने हत्या की पूरी कहानी पुलिस को बताई। मामला कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र का है। मंगलौर में 18 अगस्त को नहर के किनारे एक महिला का शव मिला था। पुलिस ने जांच की तो पता चला यह शव मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के नटेशपुरम निवासी कविता का है। रुड़की के एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने महिला के पति से कॉन्टैक्ट किया। पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। रिपोर्ट में दिए गए कार नंबर से गाड़ी को ट्रेस किया गया।
अब आरोपी बेटी का कबूलनामा
पूछताछ में उन्नति ने बताया कि मैं और आकाश 11वीं कक्षा से साथ पढ़ते थे, तभी से हमारी दोस्ती थी। अब हम दोनों दिल्ली के एक नर्सिंग कॉलेज से पढ़ाई कर रहे थे। मेरी मां कविता मेरे और आकाश के रिश्ते से नाराज थी। वह मुझे आकाश से मिलने से रोकती थी और हमारी शादी के लिए भी तैयार नहीं थी। करीब एक महीने पहले आकाश शादी का रिश्ता लेकर घर आया था, लेकिन मां ने रिश्ता ठुकरा दिया। हमारी बिरादरी अलग होने की वजह से भी मां इस रिश्ते के खिलाफ थी। पुलिस के मुताबिक पूछताछ ने उन्नति ने बताया मंगलौर में नहर के पास हम मां के शव को बोरे में भरकर नहर में फेंकने गए थे। बोरा पानी में बहने के बजाय झाड़ियों में अटक गया। इसके बाद हम वहां से हरिद्वार चले गए। हमारे कपड़े गंदे हो गए। कपड़ों में खून के दाग भी थे। हम लोग एक शॉपिंग मॉल में गए और वहां नए कपड़े खरीदे। पुराने कपड़े रास्ते में फेंकने के बाद हम हाईवे के पास कार में बैठकर काफी देर तक रुके रहे।
कार और चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कार और चाकू बरामद कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की पूरी घटना बताई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद कविता का शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिजन शव लेकर मुजफ्फरनगर स्थित अपने पैतृक गांव चले गए। कविता और उसके पति अरविंद मूलरूप से ओली माजरा, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। अरविंद मेरठ में नौकरी करते हैं और कुछ समय से परिवार के साथ मेरठ में रह रहे थे। चूंकि हत्या और शव बरामदगी की कार्रवाई उत्तराखंड में हुई है, इसलिए मंगलौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की
है।

