मंज़र अब्बास अध्यक्ष और कामिल आब्दी बने मुतवल्ली, सदस्य बने आसिफ
वक्फ अमजद अली खां में बड़ा फेरबदल, नई कमेटी गठित
फोटो-05
बाराबंकी। शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड उत्तर प्रदेश ने जनपद में वक्फ अमजद अली खां की प्रबंधन व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। बोर्ड ने वर्तमान अध्यक्ष और मुतवल्ली सरवर अली रिजवी को हटाकर मंज़र अब्बास रिजवी को अध्यक्ष और कामिल आब्दी को मुतवल्ली नियुक्त किया है। वरिष्ठ पत्रकार आसिफ हुसैन को कमेटी का सदस्य बनाया गया है। नई जिम्मेदारियां मिलने पर शिया समुदाय के लोगों ने खुशी जताते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया। वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन को लेकर पूर्व कमेटी के खिलाफ शिकायतें मिलने के बाद बोर्ड की ओर से यह कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है। शिकायतों में वक्फ की जमीनों के कथित रूप से अवैध तरीके से बिक्री किए जाने और संपत्तियों के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए थे। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। नवनियुक्त अध्यक्ष मंज़र अब्बास रिजवी ने आरोप लगाया कि पूर्व मुतवल्ली ने वक्फ संपत्तियों का उचित प्रबंधन नहीं किया और खाली पड़ी जमीनों के सौदे किए गए। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद वक्फ संपत्तियों को सुरक्षित रखना उनकी प्राथमिकता होगी। वक्फ की जमीनों से सर्किल रेट के आधार पर किराया वसूली की जाएगी तथा अवैध कब्जों की शिकायत मिलने पर प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई कराई जाएगी। नवनियुक्त मुतवल्ली कामिल आबदी ने कहा कि बोर्ड ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका ईमानदारी से निर्वहन किया जाएगा। वक्फ संपत्तियों को सुरक्षित रखने के साथ अवैध कब्जों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नजफे हिंद जोगीपुरा के पूर्व अध्यक्ष सैयद मुजाहिद हुसैन नकवी ने वक्फ बोर्ड के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व कमेटी के कार्यकाल में वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जे कराए गए। सभासद सादिक हुसैन ने भी मंज़र अब्बास रिजवी को अध्यक्ष और कामिल आबदी को मुतवल्ली बनाए जाने पर प्रसन्नता जताई। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं वक्फ कर्बला के लीगल एडवाइजर मोहम्मद अब्बास जैदी ने बोर्ड के निर्णय को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे वक्फ संपत्तियों को व्यवस्थित और सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है। इस अवसर पर गुलफाम आबदी, जीशान नकवी, मजाहिर हुसैन (बब्बलू), जीशान समेत शिया समुदाय के कई लोग मौजूद रहे।

