मड़ियाहूं थाने का उपनिरीक्षक रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बड़ी कार्रवाई
जौनपुर,09 जुलाई ।यूपी के जौनपुर में मड़ियाहूं थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक को गुरुवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की वाराणसी इकाई ने कार्रवाई करते हुए आरोपी उपनिरीक्षक को कार्यालय के पास रिश्वत लेते समय धर दबोचा।
गिरफ्तार उपनिरीक्षक की पहचान रामाश्रय प्रजापति के रूप में हुई है। आरोप है कि उन्होंने एक मुकदमे में नाम बढ़ाने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद आरोपी उपनिरीक्षक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं, भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है
।

