मारपीट में राजमिस्त्री की मौत, दो आरोपी हिरासत में
लखनऊ (आरएनएस )। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के अमौसी में मकान बनाने के औजार और अन्य सामान गायब होने के विवाद में हुई मारपीट के बाद एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, मृतक आशीष कुमार द्विवेदी (30) मूल रूप से ग्राम टेमाँ, थाना रामसनेहीघाट, बाराबंकी का रहने वाला था और वर्तमान में अमौसी में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। 19 अगस्त को करीब तीन बजे मकान बनाने के औजार और कुछ अन्य सामान गायब होने की बात को लेकर उसका फूलचंद्र श्रीवास्तव (42) और कल्लू उर्फ श्यामलाल रावत (47) से विवाद हो गया।विवाद के दौरान हुई मारपीट में आशीष को चोटें आईं। उसका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरोजनीनगर में कराया गया था। 20 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे आशीष की उसके घर पर मौत हो गई।सूचना मिलने पर सरोजनीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना सरोजनीनगर में मु0अ0सं0 320/2026, धारा 105, 115(2) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
————–
गुडंबा पुलिस ने चेन स्नैचिंग गिरोह के दो आरोपियों को दबोचा, दो वारदातों का खुलासा
लखनऊ (आरएनएस )। गुडंबा थाना पुलिस ने राह चलते लोगों से चेन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर दो वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो टूटी हुई पीली धातु की चेन, 1,760 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त सिल्वर रंग की ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है।पुलिस के मुताबिक, गुडंबा थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की दो घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना 2 अगस्त की रात सेक्टर-एच, जानकीपुरम स्थित एसबीआई रोड पर हुई थी, जहां सेवानिवृत्त उपमहानिदेशक, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण अशोक कुमार की सोने की चेन ओला स्कूटी सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर छीन ली थी। इस मामले में 4 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया था।दूसरी घटना 16 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे टेढ़ी पुलिया के पास हुई, जहां प्रिया जोशी के गले से ओला स्कूटी सवार दो युवकों ने सोने की चेन छीन ली थी। इस मामले में 17 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया था।19 अगस्त को उपनिरीक्षक दिग्विजय यादव पुलिस टीम के साथ चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल आरोपियों और माल की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चेन स्नैचिंग में शामिल दो युवक सिल्वर रंग की ओला स्कूटी से स्कार्पियो क्लब के आगे कुकरैल जंगल की ओर जाने वाली सड़क के किनारे खड़े हैं और दोबारा वारदात करने की फिराक में हैं। वे चोरी की चेन बेचने के लिए ग्राहक की तलाश भी कर रहे हैं।सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान लारेब जैदी उर्फ सोनू के कब्जे से एक टूटी हुई पीली धातु की चेन और 1,100 रुपये तथा अभिनव मौर्या के कब्जे से एक टूटी हुई पीली धातु की चेन और 660 रुपये बरामद हुए। जांच में दोनों चेन पूर्व में दर्ज चेन स्नैचिंग के मामलों से संबंधित पाई गईं।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनों मिलकर चेन स्नैचिंग की वारदात करते थे। इनमें एक आरोपी स्कूटी चलाता था, जबकि दूसरा राह चलते लोगों के गले से चेन झपट्टा मारकर छीन लेता था। चोरी की चेन बेचकर मिलने वाली रकम को दोनों अपने निजी खर्च में इस्तेमाल करते थे। 19 अगस्त को भी वे एक और वारदात की तैयारी में थे और चोरी की चेन बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लारेब जैदी उर्फ सोनू (27) निवासी निवासगंज, थाना ठाकुरगंज और अभिनव मौर्या (24) निवासी मोहिनी पुरवा हुसैनाबाद, थाना ठाकुरगंज के रूप में हुई है। दोनों रैपीडो चालक बताए गए हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। दोनों को 19 अगस्त की रात करीब 11:35 बजे गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में गुडंबा थाना पुलिस के प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक राहुल द्विवेदी, दिग्विजय यादव, शिव शंकर समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। इसके अलावा डीसीपी पूर्वी की सर्विलांस टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

