माल लदान में वृद्धि हेतु रेलवे और व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच हुआ संवाद
उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल में फ्रेट कस्टमर मीटिंग का आयोजन
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल कार्यालय स्थित संकल्प सभागार में मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल की अध्यक्षता में फ्रेट कस्टमर मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य साइडिंग एवं फ्रेट ग्राहकों के प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर माल लदान को बढ़ावा देना, उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर विचार-विमर्श करना तथा माल परिवहन सेवाओं को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाना था।
बैठक के दौरान साइडिंग संचालन एवं माल परिवहन से संबंधित विभिन्न समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित व्यापारिक प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव एवं अपेक्षाएं साझा कीं, जिन पर रेलवे अधिकारियों द्वारा सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि माल लदान एवं माल ढुलाई के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएं तथा ग्राहकों द्वारा उठाए गए मुद्दों के समाधान हेतु फॉलोअप प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाया जाए।
इस अवसर पर एडीआरएम (सामान्य) दीपक कुमार; वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक समन्वय, मयंक राणा; वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (ओ एंड एफ), विकास चौरसिया; वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता/सामान्य, अखिलेश कुमार; वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक, शैलेन्द्र कुमार सिंह; वरिष्ठ मंडल इंजीनियर / समन्वय, मो. जावेद अख्तर; उप मुख्य यातायात प्रबंधक/कानपुर, अकांशु गोविल एवं उप मुख्य यातायात प्रबंधक/टूंडला; श्री अमित आनन्द; सहायक वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

