रफ्तार का कहर : दो बाइक की आमने-सामने टक्कर ‘ दो की मौत
सुल्तानपुर-थाना बल्दीराय क्षेत्र के शारदा सहाय खंड 16 की नहर पी पटरी पूरे चंद्रिका मिश्र बिही गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। सोमवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें पूरी तरह से चकनाचूर हो गईं। दुर्घटना में सुरेश चंद्र मिश्रा (45 वर्ष) पुत्र पारसनाथ मिश्रा, निवासी थाना इनायतनगर और राम पटेश्वर पुत्र रघुबीर, निवासी पूरे भवनी अतानगर थाना बल्दीराय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं, हादसे में तिलकराज पुत्र पटेश्वर और मानसी पुत्री जगन्नाथ पाठक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस हृदयविदारक घटना में एक नौ माह की मासूम बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई, जो सभी के लिए आश्चर्य का विषय बनी रही।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार और थाना प्रभारी महेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे से गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

