राजभवन राजस्थान में सम्मानित हुए बलिया के शिक्षक
गड़वार(बलिया):
बेसिक एजुकेशन मूवमेंट ऑफ इंडिया एवं भारतीय शिक्षण मंडल के तत्वावधान व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा के नेतृत्व में दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान राजभवन में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में जनपद बलिया के तीन शिक्षक डॉ. संजय कुमार यादव, अरविंद कुमार यादव (एआरपी गड़वार) तथा शेषनाथ यादव (शिक्षक संकुल गड़वार) शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए तीनों शिक्षकों को राज्यपाल द्वारा ‘शिक्षक श्री सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त होने पर जनपद के शिक्षकों एवं शिक्षा जगत में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस अवसर पर डॉ. संजय कुमार यादव ने अपनी स्वरचित पुस्तक समरसता के नायक डॉ. भीमराव अंबेडकर राज्यपाल को भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की तथा राज्यपाल के शिक्षा संबंधी विचारों और सुझावों से भी अवगत हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर राजभवन में आयोजित जलपान के उपरांत बेसिक एजुकेशन मूवमेंट ऑफ इंडिया के प्रतिनिधिमंडल की ओर से राज्यपाल का आभार व्यक्त किया गया।
सम्मानित होने पर बलिया के तीनों शिक्षकों को क्षेत्र के शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

