राज्य स्तरीय कला प्रतियोगिता में चमकीं बाराबंकी की शिक्षिकाएं
बाराबंकी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), गनेशपुर की ओर से चयनित मसौली ब्लॉक की दो सहायक अध्यापिकाओं ने राज्य स्तरीय कला, क्राफ्ट एवं कठपुतली प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता का आयोजन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश में किया गया। इसमें प्रदेश के सभी 75 जिलों से शिक्षक शामिल हुए। मसौली ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय इचौलिया की सहायक अध्यापिका काजल वर्मा और प्राथमिक विद्यालय मोहिउद्दीनपुर की सहायक अध्यापिका बुशरा रियाज ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। निर्धारित प्रारूप के तहत प्रतिभागियों को दिए गए विषय पर एक घंटे की समय-सीमा में शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) तैयार कर प्रस्तुत करनी थी। प्रतियोगिता का उद्देश्य कला, क्राफ्ट और कठपुतली के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, रचनात्मक और प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों की प्रतिभा एवं नवाचार को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता में शिक्षकों ने अपनी रचनात्मकता और शिक्षण कौशल का प्रदर्शन किया। दोनों शिक्षिकाओं की सहभागिता से जनपद में रचनात्मक एवं नवाचारी शिक्षण विधियों को बढ़ावा देने की दिशा में सकारात्मक पहल हुई है। उनके राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने पर विद्यालय परिवार और शिक्षकों ने प्रसन्नता जताई।

