विदेश भेजने के नाम पर पर्यटक बीजा देकर धोखाधड़ी

विदेश भेजने के नाम पर पर्यटक बीजा देकर धोखाधड़ी
पैसा वापस मांगने पर जान से मारने की धमकीः  पीड़ित ने किया सपा नेता के खिलाफ एसपी से की शिकायत
बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम अकेला कुबेरपुर निवासी आकाश पुत्र लालमन ने पुलिस अधीक्षक बस्ती को प्रार्थना पत्र देकर लालगंज थाना क्षेत्र के सुकरौली निवासी सपा नेता पप्पू यादव और उनके भाई प्रिंस यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का आरोप है कि विदेश भेजने के नाम पर उससे बड़ी रकम ली गई, लेकिन उसे मलेशिया पहुंचने के बाद कथित तौर पर पर्यटक वीजा पर भेजे जाने की जानकारी हुई। वापस लौटने के बाद जब उसने अपनी रकम और पासपोर्ट वापस मांगा तो उसे धमकाया जा रहा है।
एसपी को दिए शिकायती पत्र के मुताबिक, आकाश मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करता है। उसका आरोप है कि जुलाई 2025 में पप्पू यादव व उनके भाई प्रिंस यादव ने उसे विदेश भेजने की बात कही और इसके लिए रकम की मांग की। इसके बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग तारीखों में गूगल-पे के माध्यम से 3,000, 20,000, 30,000, 50,000 और 12,000 रुपये लिए गए। इसके अलावा पीड़ित ने एक लाख रुपये नकद दिए जाने का भी दावा किया है।
शिकायत के अनुसार, 12 जनवरी 2026 को पीड़ित अपने खर्च पर हवाई यात्रा कर लखनऊ पहुंचा और वहां से हैदराबाद होते हुए बेंगलुरु गया। आरोप है कि बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उसे अंतिम समय में वीजा दिया गया और विमान में बैठाया गया। पीड़ित का कहना है कि उससे कहा गया था कि यही विमान मलेशिया जाएगा, लेकिन बाद में वह 16 जनवरी 2026 को मलेशिया के कुआलालंपुर एयरपोर्ट पहुंचा, जहां कथित तौर पर उसे पता चला कि उसे टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है।
आकाश का आरोप है कि मलेशिया जाने से पहले हिंदुस्तान के भीतर लखनऊ, हैदराबाद और बेंगलुरु की हवाई यात्रा में भी उसका करीब 35 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च हुआ। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मलेशिया पहुंचने के चार दिन बाद वह अपने खर्च पर वापस भारत आया और संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर पासपोर्ट व पैसा वापस मांगा।
पीड़ित के मुताबिक, इस पर आरोपी ने उसका पासपोर्ट अपने पास रख लिया और जल्दबाजी में कागज बदल जाने की बात कहते हुए दोबारा भेजने का आश्वासन दिया। आकाश का आरोप है कि जनवरी 2026 से वह पासपोर्ट और अपनी रकम वापस पाने के लिए परेशान है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब वह अपने पैसे और दस्तावेज मांगता है तो उसे जानमाल की धमकी दी जाती है तथा विदेश भेजने के नाम पर लिए गए पैसे वापस नहीं किए जा रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर पप्पू यादव व प्रिंस यादव के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और अपना पासपोर्ट व रकम वापस दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *