“विश्व पृथ्वी दिवस पर भरवारा एसटीपी में पौधरोपण: हरियाली बढ़ाने को सुएज का संकल्प”
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर भरवारा स्थित 345 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में ‘वन सिटी, वन ऑपरेटर’ पहल के अंतर्गत कार्य कर रही संस्था सुएज ने आइवा के साथ मिलकर पौधरोपण किया। इस दौरान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
विश्व पृथ्वी दिवस हर वर्ष 22 अप्रैल को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। यह दिन लोगों को यह संदेश देता है कि प्लास्टिक के उपयोग को कम करें और अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पृथ्वी को सुरक्षित बनाएं। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए सुएज द्वारा यह पहल की गई।
सुएज लखनऊ में सस्टेनेबिलिटी को लेकर अत्यंत सजग है और भरवारा एसटीपी परिसर को हरा-भरा बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है। कंपनी द्वारा समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जाता है।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक राजेश मठपाल ने कहा, “पृथ्वी दिवस हमें पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है। सुएज सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। पौधरोपण जैसे छोटे प्रयास भी आने वाले समय में बड़े सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। हमारा उद्देश्य केवल संचालन तक सीमित नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी करना भी है।”
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण की दिशा में छोटे-छोटे कदम उठाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।

