ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा। भारत विकास परिषद, नोएडा की ओर से सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट के निकट हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शनिवार, 10 अक्टूबर को हवन-यज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ विधिवत समापन हुआ। विश्व विख्यात आचार्य श्री विष्णुकान्त शास्त्री महाराज के सान्निध्य में आयोजित समापन समारोह श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण, राष्ट्र की सुख-समृद्धि और समाज में शांति एवं सद्भाव की कामना की।
समारोह में डॉ. वीके गुप्ता एवं रीना गुप्ता मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। परिषद के अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता, सचिव अखिलेश भदौरिया, कोषाध्यक्ष अक्षय पारीक, विकास अग्रवाल, सुनीता मित्तल सहित परिषद के पदाधिकारियों, सदस्यों, मातृशक्ति और श्रद्धालुओं ने हवन-यज्ञ में सहभागिता की। सभी ने परिवारों में सुख-शांति, समाज में सद्भाव और जन-जन के जीवन में धर्म एवं संस्कारों के प्रसार की कामना की।
समापन अवसर पर भारत विकास परिषद की ओर से आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले संत-महात्माओं, अतिथियों, परिषद परिवार, कार्यकर्ताओं, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
परिषद ने संस्कार, सेवा, समर्पण और संगठन के मूल मंत्र के साथ भविष्य में भी सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। अंत में श्रीहरि से प्रार्थना की गई कि इस आध्यात्मिक आयोजन का संदेश समाज में प्रेम, सद्भाव और धर्ममय संस्कारों को मजबूत करे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो।

