ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा, 1 सितंबर 2026। इस्कॉन नोएडा एक्सप्रेसवे, सेक्टर-151 की ओर से आगामी श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मंगलवार को सेक्टर-149 स्थित गणेश्वरम बैंक्वेट हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान इस्कॉन के पदाधिकारियों ने पत्रकारों को जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को इस्कॉन नोएडा एक्सप्रेसवे के अध्यक्ष श्याम गोपाल प्रभु, टेंपल कंस्ट्रक्शन मैनेजर ओमपाल सिंह तथा गणेश्वरम बैंक्वेट हॉल के प्रबंधक शुभम पंवार ने संबोधित किया। वक्ताओं ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी के आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचने की अपील की।
इस्कॉन नोएडा एक्सप्रेसवे द्वारा 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को सुबह 9 बजे से रात 1 बजे तक सेक्टर-149 स्थित कौंडली गांव के गणेश्वरम बैंक्वेट हॉल में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, सांसद, विधायक एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
इस दौरान भगवान श्री श्री राधा-कृष्ण के दिव्य दर्शन, विशेष अभिषेक, भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन, आध्यात्मिक प्रवचन और महाप्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भगवान की सेवा के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया बैंक्वेट हॉल
इस्कॉन नोएडा एक्सप्रेसवे के मीडिया प्रभारी बैकुंठ निवास दास ने बताया कि गणेश्वरम बैंक्वेट हॉल प्रबंधन द्वारा भगवान श्री कृष्ण की सेवा के लिए हॉल को पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि गणेश्वरम प्रबंधन पूर्व में भी धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों के लिए इसी प्रकार सहयोग करता रहा है।
उन्होंने गणेश्वरम बैंक्वेट हॉल प्रबंधन की सेवा भावना और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए बताया कि 19 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाला श्री राधाष्टमी महोत्सव भी इसी बैंक्वेट हॉल में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा।
पदाधिकारियों ने कहा कि जन्माष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि यह भगवान श्री कृष्ण के प्रेम, करुणा, धर्म और मानवता के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का पावन अवसर भी है।
इस्कॉन नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर से सभी श्रद्धालुओं, क्षेत्रवासियों एवं आमजन से परिवार सहित महोत्सव में पहुंचकर भगवान श्री श्री राधा-कृष्ण के दिव्य दर्शन करने और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की गई।

