श्रेया जायसवाल ने नीट में हासिल की शानदार सफलता, क्षेत्र में खुशी का माहौल
जौनपुर,17 जुलाई।मडियाहूं नगर के व्यवसायी सतीश जायसवाल की पुत्री एवं पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी सोनी जायसवाल की भतीजी श्रेया जायसवाल ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
श्रेया की सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने इसे उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया। श्रेया ने अपनी लगन और निरंतर प्रयासों से यह सिद्ध कर दिया कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत से हर सफलता हासिल की जा सकती है।
इस उपलब्धि पर परिजनों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर खुशी का इजहार किया। वहीं क्षेत्र के गणमान्य लोगों और शुभचिंतकों ने श्रेया को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने विश्वास जताया कि वह चिकित्सा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य कर समाज की सेवा करेंगी।
श्रेया की इस सफलता से मड़ियाहूं क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है। परिवार ने श्रेया की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग को दिया।

