संयुक्त किसान मोर्चा ने बारिश व आंधी से हुई तबाही पर जताई चिंता
-जिलाधिकारी से प्रभावित परिवारों को तत्काल पर्याप्त मुआवजा देने की किया मांग
अयोध्या। संयुक्त किसान मोर्चा व वामदलों ने विगत दिनों पूरे प्रदेश सहित अयोध्या में तीन दिनों तक हुई भारी बारिश और आंधी से हुई व्यापक तबाही पर गहरी चिंता जताते हुए जिलाधिकारी को संबोधित मांग पत्र नगर मजिस्ट्रेट के कार्यालय में सौंपकर प्रभावित परिवारों को तत्काल पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की है। मांग पत्र में कहा गया कि लगातार बारिश और आंधी ने जिले के कई क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस प्राकृतिक आपदा में कई लोगों की जान चली गई है, बड़ी संख्या में मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं और पशुधन का भी भारी नुकसान हुआ है। कई इलाके जलमग्न हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आगे कहा गया कि बारिश और आंधी से हुई तबाही ने गरीबों, मजदूरों और किसानों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उन्हें तत्काल पर्याप्त आर्थिक सहायता दिया जाना चाहिए। जिन गरीब परिवारों के मकान ढह गए हैं, उन्हें आवास निर्माण के लिए समुचित मुआवजा दिया जाए। फसल और पशुधन के नुकसान का तत्काल आकलन कर किसानों और पशुपालकों को उचित मुआवजा दिया जाए। मांग पत्र में कहा गया कि जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था की जाए। प्रभावित परिवारों को भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, प्रशासन को नुकसान का पारदर्शी और त्वरित सर्वेक्षण कराकर सभी पात्र पीड़ितों तक राहत पहुंचाना सुनिश्चित कराया जाय और किसी भी पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता से वंचित न रखा जाए। इस अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक मयाराम वर्मा, भाकपा जिला सचिव अशोक कुमार तिवारी, माकपा जिला सचिव अशोक यादव, भाकपा (माले) जिला प्रभारी अतीक अहमद, राज्य कमेटी सदस्य राम भरोस, भाकपा सहायक जिला सचिव शैलेन्द्र प्रताप सिंह, राम सिंह, राजदेव यादव आदि नेता मौजूद रहे।

