समाजवादी पार्टी ने मनाई महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती
जौनपुर में जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की अध्यक्षता, उनके आदर्शों पर जोर
जौनपुर में समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या की अध्यक्षता में बुधवार को 12 बजे से 3 बजे तक महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया। सपा कार्यकर्ताओं ने महाराजा दक्ष प्रजापति के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि महान ऋषि महाराजा दक्ष प्रजापति भारतीय संस्कृति, सभ्यता और सृष्टि निर्माण की महान परंपरा के प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि उनका जीवन समाज में श्रम, समर्पण, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण का संदेश देता है।
मौर्य ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी सदैव महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने तथा सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने जोर दिया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है।
उन्होंने यह भी कहा कि महाराजा दक्ष प्रजापति के आदर्श हमें समाज में एकता, सौहार्द और आपसी सम्मान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से उनके बताए मार्ग पर चलकर एक समतामूलक और मजबूत समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुरेन्द्र प्रजापति एडवोकेट ने महाराजा दक्ष प्रजापति के जीवन, व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उनके आदर्श आज भी समाज को एकता, श्रम, सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं।
इस अवसर पर मोहन प्रजापति, जिलाजीत प्रजापति, दिलीप प्रजापति, अजय प्रजापति, जनार्दन प्रजापति, मोहित प्रजापति, कैलाश प्रजापति, ज़िला उपाध्यक्ष हीरालाल विश्वकर्मा, महेंद्र यादव ‘नेपाल’, इरशाद मंसूरी, ज़िला सचिव दीपक विश्वकर्मा, लाल मोहम्मद राईनी, जितेंद्र शर्मा, रवि यादव और नीतू शर्मा सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने महाराजा दक्ष प्रजापति के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
जयंती समारोह का सफल संचालन ज़िला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।

