सेवा संकल्प अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित

सेवा संकल्प अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न जनकल्याणकारी, जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर प्रेक्षागृह में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चन्द्र यादव एवं मा० एमएलसी श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

इस अवसर पर मा० मंत्री श्री गिरीश चन्द्र यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के माध्यम से समाज को नई दिशा दी, वहीं शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी एवं राष्ट्रसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और जनकल्याण की भावना को पहुंचाना है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की गई। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित चित्रकला एवं रंगोली प्रस्तुत की गई। अतिथियों द्वारा छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अतिथियों द्वारा अवलोकन किया गया। स्टॉलों पर समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों एवं संचालित गतिविधियों की जानकारी ली गई तथा महिलाओं को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर सेल्फी प्वाइंट सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अतिथियों एवं प्रतिभागियों द्वारा सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर कार्यक्रम में सहभागिता की गई तथा उपस्थित लोगों का उत्साहवर्धन किया गया।

इसके साथ ही संस्कृति विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता, जनभागीदारी एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के सत्य, अहिंसा, सादगी, सेवा, स्वावलंबन एवं राष्ट्रहित के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।

इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, दिव्यांगजन एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *