*अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में उमा नाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में वाई-ब्रेक योग का आयोजन किया गया
देश की उपासना ब्यूरो विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
*जौनपुर:* 20 जून 2026। 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज उमा नाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर के प्रधानाचार्य प्रो0 (डा0) आर. बी. कमल द्वारा एक बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ वाई-ब्रेक (Y-Break) योग सत्र का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रो0 (डा 0) आर. बी. कमल ने बताया कि वाई-ब्रेक (Yoga Break) आयुष मंत्रालय एवं मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (MDNIY) द्वारा विकसित एक विशेष 5 मिनट का योग प्रोटोकॉल है, जिसे विशेष रूप से कार्यालयों एवं कार्यस्थलों के लिए तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य दैनिक कार्यों के दौरान उत्पन्न होने वाले तनाव को कम करना, मानसिक एकाग्रता बढ़ाना तथा शरीर एवं मन को पुनः ऊर्जावान बनाना है। उन्होंने कहा कि अल्प समय में किए जाने वाले ये सरल योगाभ्यास व्यक्ति की कार्यक्षमता एवं उत्पादकता में वृद्धि करते हैं तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं।
प्रधानाचार्य ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो सम्पूर्ण विश्व को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश देती है। उन्होंने सभी चिकित्सकों, संकाय सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों, कर्मचारियों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने समस्त चिकित्सा महाविद्यालय परिवार तथा जनपदवासियों से अपील की कि वे 21 जून 2026 प्रातः 6:00 बजे महाविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के भव्य समारोह में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने सभी से अपने परिवारजनों, मित्रों एवं परिचितों को भी इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु प्रेरित करने का अनुरोध किया, जिससे योग के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण के संकल्प को साकार किया जा सके।
प्रधानाचार्य प्रोo (डा0) आर. बी. कमल ने कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली एवं बढ़ती गैर-संचारी बीमारियों के परिप्रेक्ष्य में योग एक प्रभावी निवारक उपाय के रूप में उभरकर सामने आया है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार होता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मबल एवं सकारात्मक सोच का भी विकास होता है।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में उमा नाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर द्वारा विगत कई दिनों से योग प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग”(Yoga for Healthy Aging)की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

