आंधी-बारिश के बीच गिरा छप्पर, दबकर दो की मौत

आंधी-बारिश के बीच गिरा छप्पर, दबकर दो की मौत
-बारिश से बचने के लिए नीचे बैठा था आठ साल का बच्चा व 20 साल की युवती
-एक साथ दो मौतों से गांव में पसरा मातम
अयोध्या। जनपद के बीकापुर तहसील क्षेत्र में सोमवार की दोपहर तेज आंधी और बारिश के दौरान छप्पर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। छप्पर के नीचे बैठे एक बच्चे और युवती की दबने से मौत हो गई। हादसा भुलईपुर निधियांमां ग्राम पंचायत में दोपहर करीब 3 बजे हुआ। बारिश से बचने के लिए दोनों छप्पर के नीचे बैठे थे। इसी दौरान तेज हवा के साथ छप्पर अचानक भरभराकर गिर गया। दोनों उसके नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैरिंग्टनगंज ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे में 20 साल की वंदना की मौत हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक वंदना मजदूरी करके अपनी मां, दो बहनों और एक भाई का पालन-पोषण कर रही थी। उसके पिता राम नरेश की करीब चार साल पहले मौत हो गई थी। वहीं बच्चे के परिवार में भी हादसे के बाद मातम है। वह अपने पांच भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर था। हादसे की सूचना मिलते ही बीकापुर कोतवाल देवेंद्र पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा एसडीएम बीकापुर संतोष कुमार, सीओ सुनील कुमार सिंह और नायब तहसीलदार रामखेलावन राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से घटना की जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिया। तेज आंधी और बारिश के बीच अचानक छप्पर गिरने से दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *