इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से संचारी रोगों की रोकथाम हेतु चलाएगी जनजागरूकता अभियान।*
*ब्यूरो रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
*शाहजहांपुर* मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी कार्यालय में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता विषय पर स्वास्थ्य विभाग का सहयोग लिए जाने के सम्बन्ध में आयुष चिकित्सकों के साथ विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेहरामऊ के चिकित्सक डॉ उस्मान अली खान ने की।
इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ विजय जौहरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश रेडक्रॉस सोसाइटी के सभापति एवं *उपमुख्यमंत्री* के निर्देशन में प्रदेश भर में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। जनपद स्तर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के जिला शाखा अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में इस अभियान का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला शाखा, प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित कर संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता जागरूकता तथा जनस्वास्थ्य संबंधी अभियानों में सक्रिय एवं सहयोगी भूमिका निभाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से रेडक्रॉस के स्वयंसेवकों को अभियान से जोड़कर गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएं, ताकि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेहरामऊ के चिकित्सक डॉ उस्मान अली खान ने कहा कि वर्षा ऋतु में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस तथा अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जुलाई माह में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने घरों एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कहीं भी जलभराव न होने दें, मच्छरों से बचाव के सभी उपाय अपनाएँ तथा बुखार, दस्त या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लें। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही यह अभियान सफल हो सकता है।
इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य डॉ मुजीब उल्ला खान ने रेडक्रॉस सोसाइटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संचारी रोग बैक्टीरिया, वायरस, फफूंद एवं परजीवियों के कारण फैलते हैं। इनसे बचाव के लिए व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, हाथों की नियमित सफाई, मच्छरों से बचाव, समय पर टीकाकरण तथा रोग के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श आवश्यक है।
अंत में डॉ विजय जौहरी ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन तथा जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जनहित में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता अपनाएं, अफवाहों से बचें और किसी भी संक्रामक रोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
बैठक में डॉ विजय जौहरी , डॉ उस्मान अली खान , डॉ मुजीब उल्ला खान ,डॉ मसरूर ,मुरारी दीक्षित , नवजोत सिंह एवं ऊॅं दिव्यांगजन कल्याण समिति के बालकृष्ण पाण्डेय, बृजेश गुप्ता, चन्द्रसेन वर्मा, रवि बाबू ,रामकुमार सक्सेना, अमुनीश कुमार वर्मा, शिवसरन सिंह , रमा देवी , शीला देवी , राजीव राठौर , इमरान खान अवनीश सक्सेना आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में रेडक्रॉस सचिव ने सभी का आभार प्रकट करते हुए मानव सेवा में सभी से सहयोगी भूमिका की अपेक्षा की ।

