एसआर ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स ने 25,000 से अधिक सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन करने के लिए डॉ. पल्लवी सिंह का किया सम्मान
लखनऊ, 1 जुलाई। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर एसआर ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स, लखनऊ में प्रतिष्ठित नेत्र सर्जन एवं वागा सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल की संस्थापक डॉ. पल्लवी सिंह को 25,000 से अधिक सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं उपचार की ऐतिहासिक उपलब्धि पर सम्मानित किया गया। समारोह में चिकित्सा, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. पल्लवी सिंह ने अपने समर्पण, विशेषज्ञता और सेवा भावना के बल पर हजारों मरीजों के जीवन में नई रोशनी का संचार किया है। 25,000 से अधिक सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं उपचार का उनका कीर्तिमान चिकित्सा क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है, जो युवा चिकित्सकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने डॉ. पल्लवी सिंह को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा के लिए मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।
कार्यक्रम में एसआर ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन पवन सिंह चौहान, वाइस चेयरपर्सन श्रीमती निर्मला सिंह चौहान, वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान सहित संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं एसआर परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
सम्मान समारोह के दौरान अतिथियों ने चिकित्सकों की समाज में महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि डॉक्टर न केवल रोगों का उपचार करते हैं, बल्कि अपने ज्ञान, सेवा और संवेदनशीलता से समाज को स्वस्थ एवं सशक्त बनाने में भी अहम योगदान निभाते हैं। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस ऐसे समर्पित चिकित्सकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।

