कक्षा की चारदीवारी से बाहर खुली ज्ञान की नई दुनिया
– बच्चों ने समझी दूध से उत्पाद बनने तक की प्रक्रियआ
सीतापुर। सिंघानिया एजुकेशनल इंस्टीट्यूट की ओर से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी देने के उद्देश्य से ‘लर्निंग बियॉन्ड द क्लासरूम’ कार्यक्रम के तहत कक्षा-5 के विद्यार्थियों का मलाई धारा मिल्क प्रोडक्ट्स प्रा. लि., सीतापुर में शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दूध के संग्रहण से लेकर गुणवत्ता परीक्षण, पाश्चुरीकरण, प्रसंस्करण और पैकेजिंग तक की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा। संस्थान के विशेषज्ञों ने बच्चों को आधुनिक मशीनों की कार्यप्रणाली के बारे में सरल और रोचक तरीके से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी उत्साह के साथ विभिन्न प्रश्न पूछे और दूध से बनने वाले उत्पादों की प्रक्रिया को समझा। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि कक्षा से बाहर होने वाली ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के लिए अनुभवात्मक अधिगम का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इससे बच्चों में जिज्ञासा के साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच और व्यावहारिक समझ विकसित होती है। विद्यार्थियों ने भ्रमण के दौरान मिली जानकारी को रुचिपूर्वक आत्मसात किया। प्रबंधन के अनुसार, ऐसे शैक्षणिक भ्रमण नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों को साकार करने में भी सहायक हैं। विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़कर उन्हें विषयों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलता है। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

