कड़ी निगरानी में संपन्न हुई पीयूकैट-2026 की प्रवेश परीक्षा, पहले दिन बीटेक, डी. फार्मा, बीसीए समेत कई पाठ्यक्रमों के अभ्यर्थी हुए शामिल
जौनपुर, 29 जून। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सोमवार को पीयूकैट-2026 के तहत विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा कड़ी निगरानी और पारदर्शी व्यवस्था के बीच तीन पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निष्पक्ष एवं सुचितापूर्ण परीक्षा कराने के निर्देश दिए।
परीक्षा समन्वयक प्रो. मिथिलेश सिंह ने बताया कि प्रथम पाली में डी. फार्मा एवं बीटेक की सभी शाखाओं की परीक्षा आयोजित हुई। डी. फार्मा में पंजीकृत 224 अभ्यर्थियों में 172 उपस्थित रहे, जबकि 52 अनुपस्थित रहे। वहीं बीटेक की विभिन्न शाखाओं में पंजीकृत 375 अभ्यर्थियों में 293 ने परीक्षा दी और 82 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
द्वितीय पाली में बीसीए की प्रवेश परीक्षा हुई, जिसमें 481 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 406 ने परीक्षा दी, जबकि 75 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
तृतीय पाली में बीए एलएलबी एवं बीबीए की परीक्षा आयोजित की गई। बीए एलएलबी में 387 अभ्यर्थियों में से 307 उपस्थित हुए तथा 80 अनुपस्थित रहे। वहीं बीबीए में 180 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 158 ने परीक्षा दी और 22 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और पारदर्शिता के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे दिन परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हु
ई।

