कांशीराम के विचारों से सामाजिक न्याय की राह मजबूत करने का संकल्प
पसमांदा समाज की शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी पर जोर, वसीम राईन का स्वागत
बाराबंकी। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ के कार्यालय पर बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर उनके सामाजिक संघर्ष और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए किए गए प्रयासों को याद किया गया। इस दौरान महाज़ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी वसीम राईन का साथियों ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, समानता, भाईचारे और पसमांदा समाज की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि कांशीराम ने शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करने की जरूरत है। वसीम राईन ने कांशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। समाज की वास्तविक तरक्की तभी संभव है, जब लोगों को शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक क्षेत्र में समान अवसर मिलें। पसमांदा समाज के लोगों को अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के साथ संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाज़ का उद्देश्य पसमांदा समाज की समस्याओं को उठाना और सामाजिक व राजनीतिक भागीदारी मजबूत करना है। इसके लिए जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाना होगा। स्वागत से अभिभूत वसीम राईन ने साथियों का आभार जताते हुए कहा कि समाज की मजबूती नारों से नहीं, बल्कि शिक्षा, संगठन, जागरूकता और निरंतर मेहनत से आती है। उन्होंने लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर सामाजिक विकास के लिए एकजुट होने की अपील की। कार्यक्रम में चौधरी महमूद राईन, अशफाक राईन, हाजी मुन्ना राईन, नौशाद राईन, जावेद अली, तय्यब राईन, शाहनवाज राईन, रिजवान राईन, सद्दाम इदरीसी, रियाज राईन, गुलजार कुरैशी, इस्लामुद्दीन राईन, वाजिद शाह, मोहम्मद सलीम, शानू राईन, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद आमिर, दानिश अली, हारून राईन, इमरान राईन, अरमान राईन, मैनुद्दीन अंसारी, कलाम राईन और मोहम्मद जान सहित अन्य लोग मौजूद रहे
।

