किसानों की समस्याओं को लेकर अपना दल (कमेरावादी) का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
जौनपुर, 14 जुलाई। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को अपना दल (कमेरावादी) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में एक दिवसीय प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राम चंदर पटेल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह को सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में किसान पानी और खाद की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार इन मूलभूत समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर सिंचाई और उर्वरक उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे उनकी खेती प्रभावित हो रही है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसान, युवा और बेरोजगार सभी वर्ग परेशान हैं तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने चोरी, लूट, हत्या और डकैती जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
कार्यकर्ताओं ने सरकार से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने, खाद एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा महंगाई और बेरोजगारी पर प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
इस अवसर पर अखिलेश सिंह, दीनानाथ सरोज, राम सिंगार पटेल, रामचंद्र पटेल, अवधेश सरोज, तेजलाल पटेल, शारदा पटेल, हेमा पटेल, रागनी गौतम, तीर्थराज सरोज, चंद्रमणि पटेल, अमर लक्ष्मी सरोज, संगीता गौतम, हरिप्रसाद सरोज, डॉ. लालजी पटेल, प्रमोद पटेल, सुनील पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित
रहे।

