कुलपति ने निरीक्षण के दौरा अनुरूप नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश

कुलपति ने निरीक्षण के दौरा अनुरूप नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश

अयोध्या।डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की एनईपी के तहत स्नातक एवं परास्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षाएं मंगलवार से तीन पालियों में शुरू हो गईं। परीक्षा के प्रथम दिन कुलपति डॉ. बिजेन्द्र सिंह ने अम्बेडकरनगर और अयोध्या के केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राम समुक्ष महाविद्यालय, रतनपुर (अम्बेडकरनगर) एवं कल्पना शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय हैदरगंज अयोध्या परीक्षा केन्द्र पर अनियमितताएं पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करते हुए केन्द्र को निरस्त कर दिया गया। वहीं राम समुक्ष महाविद्यालय, रतनपुर (अम्बेडकरनगर) केन्द्र की सभी परीक्षाएं अब कर्मयोगी रामसूरत त्रिपाठी महाविद्यालय, सकरवारी (अम्बेडकरनगर) में आयोजित होंगी तथा कल्पना शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय हैदरगंज अयोध्या परीक्षा केन्द्र की परीक्षाएं राजा अखण्ड प्रताप महाविद्यालय, खपराडीह व रामसुचित सिंह सरस्वती महाविद्यालय, तारून अयोध्या में होगी। कुलपति के औचक निरीक्षण एवं सचल दल की रिपोर्ट के आधार पर अन्य कई परीक्षा केन्द्रों में भी परिवर्तन किया। एसडीजेपी महाविद्यालय उल्ला निजामपुर, कौलेश्वर सूर्यमती महाविद्यालय मोहनपुर गिलन्ट (अकबरपुर) तथा कर्नल जगन्नाथ सिंह महाविद्यालय, लोरपुर तजान (अकबरपुर, अम्बेडकरनगर) की परीक्षाएं अब भानमती स्मारक महाविद्यालय, अकबरपुर (अम्बेडकरनगर) केन्द्र पर आयोजित की जाएंगी। वहीं ग्रामोदय आश्रम पीजी कालेज वीरसिंह, सया अम्बेडकर नगर के छात्रों की परीक्षा रामसुचित सिंह सरस्वती महाविद्यालय, तारून अयोध्या में होगी।ये परिवर्तन 7 मई से प्रभावी होंगे।कुलपति ने निरीक्षण के दौरान सभी केन्द्राध्यक्षों को शासन की मंशा के अनुरूप नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त सचल दल ने कई अन्य केन्द्रों का भी औचक निरीक्षण किया।प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 8ः30 से 10ः30 बजे तक, द्वितीय पाली की परीक्षा 11ः30 से दोपहर 1ः30 बजे तक तथा तृतीय पाली की परीक्षा 2ः30 से 4ः30 बजे तक सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सकुशल सम्पन्न हुई। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक विनय कुमार सिंह ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान अम्बेडकरनगर के विभिन्न केन्द्रों पर लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम से सभी केन्द्रों के सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की जा रही है।स्नातक एवं परास्नातक सम सेमेस्टर परीक्षा में कुल 5,36,704 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिनके लिए पांच जनपदों में 472 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन हेतु 19 नोडल केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। सभी केन्द्राध्यक्षों को परीक्षा शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *