(कोरबा) एनएचएआई प्रबंधन की उदासीनता: राष्ट्रीय राजमार्ग से मवेशी नहीं हटाए जा सकते, तो टोल टैक्स वसूलने का अधिकार भी नहीं ? फरमान ० नहीं चढ़ा परवान, एनएच-149 बी उरगा -चाम्पा मार्ग में मवेशियों का जमघट, हादसों को दे रहा न्यौता
कोरबा 20 सितंबर (आरएनएस)। यदि राष्ट्रीय राजमार्ग से मवेशी नहीं हटाए जा सकते, तो एनएचएआई को टोल टैक्स वसूलने का अधिकार भी नहीं?
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सड़कों पर मवेशियों के जमावड़े और हादसों को रोकने के संबंध में सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी आई थी। जनहित याचिका में मांग की गई थी कि यदि सड़कों से मवेशी नहीं हटाए जा सकते, तो टोल टैक्स वसूलने का अधिकार भी नहीं होना चाहिए। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने नेशनल हाईवे और प्रदेश की सड़कों पर मवेशियों के कारण बढ़ते हादसों पर चिंता जताई थी।
अदालत ने मुख्य सचिव से शपथपत्र के साथ रोड मैप की मांग की थी। लेकिन आज करीब साल भर बाद भी स्थिति यथावत है। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 149 बी उरगा -चाम्पा मार्ग में हाईकोर्ट का फरमान परवान चढ़ता नजर नहीं आ रहा। पताढ़ी पहंदा से लेकर सरगबुंदिया,मड़वारानी ,कोथारी,पचपेड़ी जमनीपाली टोल नाका तक मार्ग में मवेशियों का जमघट लग रहा। जो भावी बड़े हादसों को न्यौता दे रहा है। एनएचएआई प्रबंधन की उदासीनता, लापरवाही ने मवेशियों से लेकर आम जन की जान खतरे में डाल दी है।

