गंभीरपुर पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, शोकाकुल परिवार से मिलकर जताई संवेदना
आजमगढ़ 16 सितम्बर(आर एन एस) प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को गंभीरपुर पहुंचे और मनीष मौर्य एवं अवधेश मौर्य के आवास पर पहुंचकर उनके पिता स्वर्गीय रामसमुझ मौर्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।स्वर्गीय रामसमुझ मौर्य का निधन पांच सितंबर को हुआ था। अवधेश मौर्य का विवाह उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की भतीजी शिप्रा मौर्य से हुआ है। पारिवारिक दुख की इस घड़ी में उपमुख्यमंत्री का गंभीरपुर पहुंचना परिजनों के प्रति उनके आत्मीय लगाव और संवेदनशीलता को दर्शाता है। उनके आगमन पर परिवार के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।उपमुख्यमंत्री बुधवार को सुबह करीब 11:15 बजे लखनऊ से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना हुए। दोपहर लगभग 12:15 बजे उनका हेलीकॉप्टर रानीपुर रजमो स्थित रामदेव मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में उतरा। यहां से वह सड़क मार्ग से गंभीरपुर स्थित अवधेश मौर्य के आवास पहुंचे। गंभीरपुर पहुंचकर उन्होंने स्वर्गीय रामसमुझ मौर्य के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।गंभीरपुर से निकलने के बाद उपमुख्यमंत्री जिवली स्थित क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने विनोद राय की माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच पारिवारिक शोक में शामिल होकर उपमुख्यमंत्री ने जिस आत्मीयता और संवेदनशीलता का परिचय दिया, उसकी क्षेत्र में चर्चा रही। श्रद्धांजलि एवं शोक-संवेदना व्यक्त करने के बाद वह हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए।

