गन्ना किसानों व उनके परिवार के सदस्यों को मिलेगा सामाजिक सुरक्षा कवच
जिला गन्ना अधिकारी रंजीत कुमार निराला ने जानकारी दी है कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा एवं शासन के निर्देशों के क्रम में चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा जनपद के गन्ना कृषकों एवं उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक संरक्षण एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिले की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों में जुलाई 2026 के द्वितीय सप्ताह के दौरान विशेष जागरूकता एवं नामांकन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से अधिकाधिक गन्ना कृषकों एवं उनके परिवारों को विभिन्न बीमा पेंशन तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
जिला गन्ना अधिकारी द्वारा यह भी बताया गया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत छोटी गन्ना समितियों में तीन दिवसीय तथा बड़ी गन्ना समितियों में पांच दिवसीय कृषक गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इन गोष्ठियों में किसानों एवं उनके परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही नामांकन कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। गोष्ठी स्थलों पर बैंक, इफको, चीनी मिल एवं गन्ना समितियों द्वारा संयुक्त रूप से सहायता एवं नामांकन काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इन काउंटरों के माध्यम से किसानों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, प्रीमियम, लाभ एवं नामांकन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त नए कृषक सदस्यों का समिति में पंजीकरण, बैंक खाते खुलवाने, दस्तावेजों की फोटोकॉपी तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था भी की जाएगी जिससे किसानों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
जिला गन्ना अधिकारी द्वारा यह भी बताया गया कि गन्ना पर्यवेक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र के सभी गांवों में जाकर किसानों को कार्यक्रम की तिथियों, योजनाओं के लाभ तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी देने तथा उनकी सहभागिता सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विशेष रूप से आमंत्रित कर उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि यह विशेष अभियान गन्ना कृषकों एवं उनके परिवारों को दुर्घटना, मृत्यु, वृद्धावस्था तथा अन्य सामाजिक-आर्थिक जोखिमों के विरुद्ध सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा के व्यापक दायरे में लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पहुंच बढ़ेगी तथा किसानों एवं उनके परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।
———-
जौनपुर 02 जुलाई, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-04
विशेष लोक अदालत का आयोजन 21 से 23 अगस्त को
सिविल जज सी0डि0/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील कुमार सिंह ने अवगत कराया है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर सुशील कुमार शशि, व सिविल जज सी0डि0/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर सुशील कुमार सिंह के निर्देशन में न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन में ऐसे वाद, जो सर्वोच्च न्यायालय में लंबित हैं तथा जिनमें समझौतें की संभावना है, उन्हें आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निस्तारित किए जाने का प्रयास किया जायेगा। ‘‘समाधान समारोह-2026’’ का उद्देश्य केवल वादों का निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि पक्षकारों के मध्य आपसी संबंधों को बनाए रखते हुए त्वरित, सस्ता एवं सरल न्याय उपलब्ध कराना भी है। विशेष लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को वर्षो तक न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समय एवं धन दोनों की बचत होगी।
सचिव ने बताया कि उक्त अभियान के सफल संचालन हेतु राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तालुका विधिक सेवा समितियों के माध्यम से व्यापक स्तर पर बैठकों, जागरूकता कार्यक्रमों एवं समन्वय गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा।
न्याय को सरल, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से आमजन तक पहुॅंचाने तथा आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से विवादों का शांतिपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशन में ‘‘समाधान समारोह-2026’’ के अंतर्गत संपूर्ण भारतवर्ष में विशेष लोक अदालत अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सर्वोच्च न्यायालय में लंबित वादों का निस्तारण सुलह एवं समझौते के आधार पर किया जायेगा।
———-
जौनपुर 02 जुलाई, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-05
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया का किया औचक निरीक्षण
जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के समय मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने मरीजों के लिए शुद्ध पेयजल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पाई गई छोटी-मोटी कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम एवं विद्युत सुरक्षा ऑडिट शीघ्र कराए जाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ही एक सड़क दुर्घटना में घायल शंभूनाथ, निवासी स्तरीय ग्राम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए गए। उनके एंकल जॉइंट में गंभीर चोट थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने मानवीय संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए स्वयं घायल का प्राथमिक उपचार किया तथा आवश्यक टाके लगाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
———-
जौनपुर 02 जुलाई, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-06
समाज कल्याण विभाग के छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, पात्र छात्र-छात्राओं को मिलेगा निःशुल्क आवास
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राजकीय छात्रावासों में निःशुल्क प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित, 31 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन
जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल ने अवगत कराया है कि जनपद में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय अनु0जाति छात्रावास पीलीकोठी, हुसेनाबाद डोभी, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय बालक/बालिका छात्रावासों में छात्र/छात्राओं के लिए निःशुल्क आवास एवं अन्य सुविधाऐं उपलब्ध हैं।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु छात्रावास में प्रवेश हेतु वही छात्र/छात्राए अर्ह होंगे जो कि समाज कल्याण विभाग अथवा कल्याण सेक्टर के अन्य विभाग द्वारा प्रदत्त की जा रही छात्रवृत्ति प्राप्त करने की पात्रता रखते हो। छात्रावास में प्रवेश हेतु कुल क्षमता का 70 प्रतिशत स्थान अनु0जाति/अनु0जनजाति लाभार्थियों के लिए आरक्षित होंगे तथा अवशेष 30 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के छात्रा के लिए आरक्षित होंगे। विकलांग छात्रो को प्रवेश हेतु वरियता प्रदान की जायेगी। छात्रावास में प्रवेश छात्र की योग्यता/उच्च शिक्षा की प्राथमिकता/मूल निवास स्थान की दूरी आदि के आधार पर होगा। सामान्य योग्यता के छात्र/छात्राओं को प्रवेश हेतु प्राथमिकता का आधार आर्थिक होगा। छात्र/छात्राओं को छात्रावास में प्रवेश लेने हेतु वेबसाइड upswdhms.upsdc.gov.in पर ऑनलाईन 31 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। किसी भी जानकारी के लए मोबाइल नम्बर 8795663154, 9795112861 एवं 8726969979 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
—————-
जिला सूचना कार्यालय, जौनपुर द्वारा जारी

