गाजियाबाद में खेत में बेहोश मिले युवक की हुई मौत, महिला पर जहर देने की जताई जा रही आशंका

ब्यूरो चीफ / राजेश कुमार
गाजियाबाद : गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र के बुदाना गांव में शुक्रवार को करीब 30 वर्षीय कपिल खेत में बेहोशी की हालत में मिला। परिजन उसे तत्काल मोदीनगर के जीवन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने कपिल के साथ मौजूद रही एक महिला पर जहर देने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, कपिल शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर से कुछ पैसे लेकर निकला था। दोपहर करीब दो बजे मोहित के फोन पर सूचना मिली कि कपिल ने जहर खा लिया है और वह गावड़ी जाने वाले रास्ते पर आम के बाग के पास खेत में पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो कपिल बेहोशी की हालत में मिला।
परिजनों का कहना है कि वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने बताया कि कपिल के साथ एक महिला भी थी, जो उसे खेत में छोड़कर चली गई। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने महिला पर जहर देने की आशंका जताई है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
कपिल अपने पीछे पत्नी सीमा, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। परिजनों के अनुसार, उसकी शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *