गोकशी पर पुलिस का कड़ा एक्शन, 12 घंटे में ही गोली मारकर दबोचे दो बदमाश
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में बुधवार को तड़के हुई गोकशी की घटना पर कड़ा एक्शन लेते हुए पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद दो गोकशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों ही बदमाश पोर में गोली लगने से घायल हुए हैं। दोनों बदमाशों का अच्छा खासा आपराधिक इतिहास है।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि बुधवार को तड़के लिसाड़ी गेट थाना में अज्ञात बदमाशों ने गोकशी की घटना को अंजाम दिया था। देर रात पुलिस मदीना मस्जिद के पास चैकिंग कर रही थी। इसी बीच काले रंग की बिना नंबर प्लेट लगी स्प्लेंडर बाइक पर आ रहे बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए। पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम अहमद नगर निवासी याद इलाही और लक्खीपुरा गली नंबर 18 निवासी याकूब बताए। बदमाशों ने बताया कि सुबह को उन्होंने ही अपने दो अन्य साथियों के साथ गोकशी की घटना को अंजाम दिया था। घायल बदमाशों के पास से दो तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए। दोनों बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच में सामने आया कि याद इलाही के खिलाफ शहर के विभिन्न स्थानों में 8 और याकूब के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हैं
।

