गौराबादशाहपुर में पुलिस मुठभेड़, एक बदमाश घायल गिरफ्तार
जौनपुर, 04 मई। यूपी के जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और एक आईफोन बरामद किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।इस मामले में सोमवार को जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी केराकत अजीत सिंह चौहान ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी केराकत अजीत सिंह चौहान के पर्यवेक्षण में गौराबादशाहपुर पुलिस टीम 4 मई की रात चोरसंड मोड़ हाईवे के पास गश्त कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार लिलहा मोड़ की ओर से आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। आजमगढ़ की तरफ से आ रहे बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश की पहचान अजय यादव पुत्र अमरनाथ यादव, निवासी उडली, थाना सरायख्वाजा, जौनपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में उसने फरार साथी की पहचान अंकित यादव पुत्र मुन्ना लाल यादव, निवासी दशरथा, थाना गौराबादशाहपुर, जौनपुर के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मौके से पुलिस ने एक देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और एक आईफोन बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोरसंड भेजा गया।
इस संबंध में थाना गौराबादशाहपुर में एमएम आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला
रही है।

