ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की बैठक में पत्रकारों के हितों पर मंथन,
तेलंगाना कार्यकारिणी नवंबर तक गठित करने का लक्ष्य
हैदराबाद, 12 जुलाई
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को नामपल्ली, हैदराबाद में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय को मजबूत करने तथा तेलंगाना राज्य कार्यकारिणी के गठन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की कोषाध्यक्ष अतुल कपूर, ग्रापए तेलंगाना के अध्यक्ष एफ. एम. सलीम, सह प्रभारी राजन्ना, कार्यकारिणी सदस्य अरशद मोहिउद्दीन, परामर्शी नईम गौरी सहित अनेक पत्रकार उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी की कोषाध्यक्ष अतुल कपूर ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और कर्नाटक जैसे राज्यों में पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इसी प्रकार तेलंगाना में भी संगठन को मजबूत बनाते हुए पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।
परामर्शी नईम गौरी ने कहा कि संगठन पत्रकारों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर नियमित कार्यशालाओं का आयोजन करेगा। उन्होंने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल पत्रकारिता, तथ्य जांच (फैक्ट-चेकिंग) तथा नई मीडिया तकनीकों से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संगठनों का सहयोग भी लिया जाएगा तथा ऑनलाइन कार्यशालाओं के माध्यम से देश-विदेश के पत्रकारों के बीच समन्वय और ज्ञान का आदान-प्रदान बढ़ाया जाएगा।

