(चित्तौड़गढ़)चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे पर टैंकर से टकराकर 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरी कार, 3 मजदूरों की मौत- 10 घायल

(चित्तौड़गढ़)चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे पर टैंकर से टकराकर 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरी कार, 3 मजदूरों की मौत- 10 घायल

चित्तौड़गढ़ ,07 नवंबर ,(आरएनएस)। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में नेशनल हाईवे-27 पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में महिला सहित तीन निर्माण श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चित्तौड़गढ़-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मेनाल के पास यह हादसा उस वक्त पेश आया, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार पहले हाईवे पर खड़े पानी के टैंकर से टकराई और फिर सीधे 15 फीट गहरे निर्माणाधीन गड्ढे में जा गिरी। गड्ढे के भीतर पुल निर्माण कार्य में जुटे मजदूर कार के नीचे बुरी तरह दब गए, जिससे मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।

ओवरब्रिज निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरी अनियंत्रित कार

बेगूं के पुलिस उपाधीक्षक (ष्ठस्क्क) अंकित कुड़ी के अनुसार, मेनाल जोगणिया माता जाने वाले मार्ग पर इन दिनों एक ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए सड़क किनारे करीब 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें सात मजदूर काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान चित्तौड़गढ़ की तरफ से कोटा की ओर बेहद तेज गति से आ रही एक कार अचानक बेकाबू हो गई। कार ने पहले निर्माण कार्य के लिए वहां खड़े पानी के टैंकर को भीषण टक्कर मारी और फिर उछलकर सीधे गड्ढे में जा गिरी। कार का पूरा भार नीचे काम कर रहे बेबस मजदूरों पर आ पड़ा, जिससे कई लोग मलबे और वाहन के नीचे फंस गए।

महिला सहित तीन मजदूरों ने तोड़ा दम, शिनाख्त हुई पूरी

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गड्ढे में काम कर रहे तीन मजदूरों ने गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतकों की पहचान भीलवाड़ा जिले के निवासी 45 वर्षीय बिहारी, मांडलगढ़ क्षेत्र के 50 वर्षीय सावता और गंगरार की रहने वाली 40 वर्षीय महिला मजदूर प्रेम बाई के रूप में की है। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन व राहत उपकरणों की मदद से कार को हटवाकर शवों और घायलों को बाहर निकाला।

3 की हालत नाजुक होने पर भीलवाड़ा रेफर, दोनों चालकों पर केस दर्ज

इस भयानक दुर्घटना में कुल 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें गड्ढे में मौजूद 4 मजदूर और कार में सवार 6 यात्री शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत भीलवाड़ा के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार और पानी के टैंकर, दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *